Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. ख़बरें जरा हटके
  3. चोरी का आरोप लगाने वाला ​पीड़ित ही यौन शोषण आरोपी निकला, फोन से 121 अश्लील वीडियो मिले

चोरी का आरोप लगाने वाला ​पीड़ित ही यौन शोषण आरोपी निकला, फोन से 121 अश्लील वीडियो मिले

By Harsh Gautam 
Updated Date

नासिक:  महाराष्ट्र के नासिक से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने “पीड़ित” और “आरोपी” की परिभाषा ही पलट दी। ब्लैकमेल की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा एक बुजुर्ग जांच पूरी होते-होते खुद ही ऐसे आरोपों में घिर गया, जिसने हर किसी को चौंका दिया।सतपुर इलाके में रहने वाले रविंद्र गणपत एरंडे ने शुरुआत में दावा किया था कि कुछ लोगों ने उसका टैबलेट चुरा लिया है और उसमें मौजूद निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 12 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। उसने पुलिस को बताया कि वह पहले ही 10 हजार रुपये दे चुका है और आगे 50 हजार देने वाला था।

पढ़ें :- मुंबई: पूरे परिवार की मौत मामले में फॉरेंसिक रिपोर्ट से बड़ा खुलासा, तरबूज में था चूहे मारने का जहर

शिकायत गंभीर थी, इसलिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और चार लोगों को पकड़ लिया। उनके पास से मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड बरामद हुए। यहीं से कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। जब पुलिस ने जब्त किए गए डिवाइस की जांच की, तो उसमें 121 आपत्तिजनक वीडियो क्लिप मिले। इन वीडियो में कई महिलाएं और खुद शिकायतकर्ता के जानने वाले लोग शामिल थे। यहीं से शक की सुई उसी बुजुर्ग की ओर घूमने लगी, जो अब तक खुद को पीड़ित बता रहा था।

जांच आगे बढ़ी तो एक महिला सामने आई, जिसने एरंडे पर गंभीर आरोप लगाए। महिला के अनुसार, उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एरंडे ने उसे अलग-अलग होटलों में बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। इस खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत एरंडे को गिरफ्तार कर लिया। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 सहित आईटी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर दिखा दिया कि हर कहानी का सच वैसा नहीं होता जैसा शुरुआत में नजर आता है—कभी-कभी “शिकायतकर्ता” ही सबसे बड़ा राज़ छुपाए होता है।

Advertisement