दिल्ली। भारतीय घरों में आम का अचार बनाने की तैयारियां गर्मियों का मौसम आते ही शुरू हो जाती हैं। अचार का नाम सुनते ही मुंह में पानी तो आ जाता है, लेकिन इसे बनाने की प्रक्रिया बेहद थकाने वाली लगती है। खासकर कच्चे आम को काटना सबसे मुश्किल और मेहनत का काम माना जाता है क्योंकि इसकी सख्त गुठली अक्सर महिलाओं के हाथों में दर्द का कारण बन जाता है। इसके अलावा इसमें समय भी बहुत ज्यादा लगता है। अगर आप भी इस सीजन में ढेरों कच्चे आम काटने की टेंशन से जूझ रहे हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। शेफ और कुकिंग एक्सपर्ट्स द्वारा बताई गई इन आसान ट्रिक्स को अपनाकर आप मिनटों में किलो के भाव से आम काट सकते हैं।
पढ़ें :- Nutrition & Diet: नाश्ते में शामिल करें स्प्राउट्स सलाद, थकान और सुस्ती को कहें अलविदा
पानी की यह ट्रिक करेगी कमाल
कच्चे आम को काटने से पहले कम से कम तीन से चार घंटे के लिए ठंडे पानी में भिगोकर छोड़ दें। ऐसा करने से आम के अंदर की गर्मी या चिपचिपा लासा निकल जाती है। साथ ही, इसका छिलका और गूदा थोड़ा नरम हो जाता है, जिससे चाकू आसानी से चल पाता है। लेकिन ध्यान रहे कि पानी से निकालने के बाद आम को सूती कपड़े से अच्छी तरह सुखा लें। क्योंकि यदि इनमें नमी रहेगी तो अचार खराब हो सकता है।
सही टूल का चुनाव है जरूरी
इसके लिए हमेशा भारी और चौड़े ब्लेड वाले शेफ नाइफ (Chef’s Knife) का ही इस्तेमाल करें क्योंकि यदि आप साधारण और पतले चाकू से कैरी काट रहे हैं, तो मेहनत दोगुनी लगेगी और समय भी ज्यादा लगेगा। आम को चॉपिंग बोर्ड पर रखें और चाकू को आम पर टिकाकर अपनी हथेली से चाकू के ऊपरी हिस्से पर नीचे की ओर तेज दबाव दें। इससे सख्त से सख्त गुठली भी एक बार में कट जाएगी।
पढ़ें :- Health Tips: प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चटपटा कॉर्न चाट, गर्मियों के नाश्ते के लिए फायदेमंद
पारंपरिक कटर या सरोता अपनाएं
यदि आप पांच से दस किलो अचार बना रहे हैं, तो बाजार में मिलने वाले मैंगो कटर या पारंपरिक सरोते का इस्तेमाल सबसे अच्छा विकल्प है। इस टूल में एक भारी ब्लेड और हैंडल होता है। इसके नीचे आम को रखकर जैसे ही हैंडल दबाया जाता है, बिना ताकत लगाए सेकंडों में एक समान साइज के टुकड़े कटकर तैयार हो जाते हैं। इससे हाथों के कटने का डर भी नहीं रहता है।
गुठली हटाने का स्मार्ट तरीका
अगर आम की गुठली बहुत ज्यादा कड़क हो चुकी है और बीच से नहीं कट रही है, तो जबरदस्ती न करने के बजाय यह स्मार्ट तरीका अपनाएं। सबसे पहले गुठली के चारों तरफ से चाकू की मदद से गूदे के बड़े-बड़े स्लाइस अलग कर लें। इसके बाद उन स्लाइस को अपनी मनपसंद छोटे टुकड़ों में काट लें। ऐसा करने से गुठली काटने की मेहनत बच जाएगी और आपका काम बेहद आसान हो जाएगा। लेकिन ध्यान रहे कि कच्चे आम को काटने से पहले हाथों में थोड़ा सरसों तेल जरूर लगा लें, ताकि आम का रस त्वचा पर न चिपके।