Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संतो का मन दुखी करके कोई सुख नहीं पा सकता है…शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के माघ मेला छोड़ने पर बोले अखिलेश यादव

संतो का मन दुखी करके कोई सुख नहीं पा सकता है…शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के माघ मेला छोड़ने पर बोले अखिलेश यादव

By शिव मौर्या 
Updated Date

लखनऊ। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रयागराज में चल रहे माघ मेले को छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि, आस्था और श्रद्धा के साथ माघ मेला में आए थे, लेकिन परिस्थितियां ऐसी बन गईं कि बिना स्नान किए ही लौटना पड़ रहा है। अब इसको लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, संतो का मन दुखी करके कोई सुख नहीं पा सकता है। भूल करने से बड़ी गलती, क्षमा न मांगना है। कोई भी राजनीतिक पद, संतों के मान से बड़ा नहीं हो सकता।

पढ़ें :- अन्याय किसी के साथ न हो और निर्दोष फंसे नहीं....यूजीसी कानून को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, भाजपा के दंभ ने अनादिकाल से चली आ रही सनातनी परंपरा को तोड़ दिया है। जगद्गुरु शंकराचार्य जी का तीर्थराज प्रयाग की धरती पर माघमेले को बिना पवित्र स्नान किये छोड़कर जाना एक अत्यंत अनिष्टकारी घटना है। संपूर्ण विश्व का सनातन समाज इससे आहत ही नहीं बल्कि अनिश्चित भय से आशंकित है।

भाजपा और उसके संगी-साथी चाहते तो सत्ता की हनक और अपने अंहकार को त्यागकर अपने कंधों पर उनकी पालकी उठाकर, उन्हें त्रिवेणी-संगम पर पावन स्नान कराकर, उनके मर्माहत सम्मान का मान रख सकते थे लेकिन भाजपाइयों को भ्रष्ट साधनों से अर्जित अपनी शक्ति का घमंड है, जो उन्हें ऐसा करने से रोक रहा है।

उन्होंने आगे लिखा, संतो का मन दुखी करके कोई सुख नहीं पा सकता है। भूल करने से बड़ी गलती, क्षमा न मांगना है। कोई भी राजनीतिक पद, संतों के मान से बड़ा नहीं हो सकता। भाजपा सनातन की भी सगी नहीं है। आज हर सनातनी मन से बेहद दुखी है। धार्मिक अनुष्ठानों में व्यवधान उत्पन्न करनेवालों को क्या कहते हैं, ये भाजपाइयों को समझाने की ज़रूरत है क्या? हमारे महाकाव्यों का यही मूलभूत संदेश है कि घमंड के दंड से कभी कोई दुर्जन नहीं बचता है। आहत संत अर्थात सत्ता का अंत!

 

पढ़ें :- अखिलेश यादव, बोले- सिर्फ दीदी ही कर सकती हैं भाजपा का डटकर मुकाबला, अभी तक पेन ड्राइव खोने का दर्द नहीं भूल पाई BJP
Advertisement