Pakistan : पाकिस्तान में तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान का प्रदर्शन हिंसक हो गया है। TLP प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई हिंसक झड़प हुई। पाक की पंजाब पुलिस ने मुरीदके में तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (TLP) के प्रदर्शनकारियों पर रात भर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। लाहौर और मुरीदके में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प हुई है। पार्टी प्रमुख साद हुसैन रिजवी के नेतृत्व में लाहौर से आगे बढ़ रहे इस्लामी समूह के मार्च के दौरान सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई है जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर अत्याधुनिक हथियारों से गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। झड़प में 50 से अधिक पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पढ़ें :- Global Politics: मक्का रक्षा समझौते से बदले पश्चिम एशिया के समीकरण, भारत के लिए कितनी बड़ी चुनौती?
प्रदर्शनकारियों ने यातीम खाना चौक, चौबुर्जी, आजादी चौक और शाहदरा जैसे प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड तोड़ दिए हैं। पुलिस ने खारियां शहर में जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए गड्ढा खोद दिया है। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सराय आलमगीर में झेलम पुल के पास और चिनाब नदी के वजीराबाद की ओर भी गड्ढे खोदे गए हैं।
इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद और रावलपिंडी में मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया था। तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान ने शुक्रवार को ‘लब्बैक या अक्सा मिलियन मार्च’ बुलाया था जिसने अब हिंसक रूप ले लिया है।