वडोदरा। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी सोमवार को गुजरात के वडोदरा में आदिवासी अधिकार संविधान सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, आदिवासी का मतलब है-हिंदुस्तान के असली मालिक। यहां की ‘जल-जंगल-जमीन’ आपकी है। लेकिन RSS-BJP एक नया शब्द लेकर आई है- ‘वनवासी’, जिसका मतलब है कि आप सिर्फ जंगल में रहते हैं। ‘जल-जंगल-जमीन’ के मालिक नहीं हैं।
पढ़ें :- रुपया पहुंचा रसातल में कांग्रेस, बोली-डॉलर के मुकाबले रुपया 94.05 पार, अब कहां है वो 56 इंच का सीना?
उन्होंने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी और BJP के लोग बिरसा मुंडा जी की मूर्ति के सामने हाथ जोड़ते हैं, लेकिन वो उन्हीं विचारों पर हमला करते हैं, जिनके लिए बिरसा मुंडा जी ने लड़ाई लड़ी और शहीद हुए। जब BJP आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन को छीनती है तो वह सिर्फ बिरसा मुंडा जी ही नहीं, संविधान पर भी हमला करती है। आज देश में विकास के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीन ली जाती है और मुआवाजा भी नहीं दिया जाता। इस सरकार के हिसाब से आदिवासियों के कोई अधिकार ही नहीं हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा, जब भी मैं जातिगत जनगणना की बात करता हूं, BJP-RSS के लोग मेरे ऊपर आक्रमण करते हैं। पहले पब्लिक सेक्टर हुआ करते थे, जिसमें आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों को रिजर्वेशन मिला करता था। लेकिन अब BJP सरकारी संस्थाओं को प्राइवेटाइज कर रही है, जिसमें कुछ चुनिंदा लोगों को ही जगह मिला करेगी। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं- हिंदुस्तान में जितनी जगह दूसरों को मिलती है, उतनी ही जगह आदिवासियों को मिले। आदिवासियों के बच्चे बेहतरीन कॉलेज और स्कूलों में पढ़ें। देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों में आपके बच्चे काम करें। हम ऐसा भविष्य चाहते हैं। मेरे दिल में, मेरे परिवार और कांग्रेस पार्टी में आदिवासी भाई-बहनों के लिए बहुत सारा प्यार और मोहब्बत है।
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, नरेंद्र मोदी ने अभी 25 मिनट का भाषण दिया, लेकिन अमेरिका के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। नरेंद्र मोदी 100% ट्रंप के कंट्रोल में हैं। ट्रंप के सामने नरेंद्र मोदी ‘चूं’ तक नहीं कर सकते। इसके दो कारण है पहला Epstein और दूसरा Adani का मामला है। साथ ही कहा, नरेंद्र मोदी ने ट्रंप से कहा: आप जो हुक्म करेंगे, हम वही करेंगे। हम आपसे पूछे बिना किसी से तेल और नेचुरल गैस नहीं खरीदेंगे।
नरेंद्र मोदी ने ट्रेड डील कर भारत का कृषि सेक्टर अमेरिका के लिए खोल दिया। हमारे यहां छोटे खेत होते हैं, वहीं अमेरिका में हजारों एकड़ के बड़े खेत होते हैं। हमारे यहां लोग हाथ से काम करते हैं और वहां बड़ी मशीनों से काम होता है। अगर अमेरिका का माल भारत आने लगा तो हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे। हमें मिलकर संविधान की रक्षा करनी है। संविधान की रक्षा में ही हिंदुस्तान के आदिवासियों, गरीबों, मजदूरों की रक्षा है। अगर संविधान खत्म हो गया तो हमारे पास कुछ नहीं बचेगा।
पढ़ें :- भारतीय राजनीति में पीएम मोदी ने रचा इतिहास, देश के सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने का बनाया रिकॉर्ड
इसके साथ ही कहा, नरेंद्र मोदी और BJP का पूरा फाइनेंशियल स्ट्रक्चर अडानी है। नरेंद्र मोदी ने देशभर के पोर्ट, एयरपोर्ट, सीमेंट कंपनी, सोलर पॉवर, विंड पॉवर और सारा इन्फ्रास्ट्रक्चर अडानी को सौंप दिया। अमेरिका में अडानी पर जो केस है, दरअसल वो नरेंद्र मोदी को धमकाने के लिए है। अमेरिका का नरेंद्र मोदी को सीधा मैसेज है कि ज्यादा ऊटपटांग हरकत की तो समझ लेना।
ट्रंप ने साफ कहा है-मैं मोदी का करियर ख़त्म कर सकता हूं।