Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. गंगा स्नान करती महिला श्रद्धालु से गंदी शरारत पर पुलिस ऐक्शन की तैयारी, श्री गंगा सभा ने धर्म पर आघात बताया

गंगा स्नान करती महिला श्रद्धालु से गंदी शरारत पर पुलिस ऐक्शन की तैयारी, श्री गंगा सभा ने धर्म पर आघात बताया

By santosh singh 
Updated Date

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के हरकी पैड़ी में गंगा स्नान करती महिला श्रद्धालु के वीडियो को एआई से सेमीन्यूड बनाने वालों पर ऐक्शन की तैयारी है। एक महिला ने सोशल मीडिया पर आकर दावा किया है कि यह उसका वीडियो है, जिसके साथ छेड़छाड़ हुई है। महिला के दावे के अनुसार, उसने मामले में हरियाणा क्राइम ब्रांच (Haryana Crime Branch) में शिकायत की है। हालांकि पुलिस की तरफ से इन मामलों की पुष्टि बाकी है। इस वायरल वीडियो पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। मामले में श्री गंगा सभा ने इसे धर्म पर आघात बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पढ़ें :- हरिद्वार में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने बाप के सिर पर लाठी-डंडे से किया वार, मौत

गंगा घाट पर महिला के स्नान का वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई, लेकिन श्री गंगा सभा की तरफ से कंफर्म किया गया है कि यह वीडियो हरकी पैड़ी के मालवीय घाट का है। जानकारी के अनुसार, किसी ने घाट पर महिला के स्नान का वीडियो चुपके से शूट कर दिया और उसे इंटरनेट पर वायरल कर दिया था। इसके बाद शरारती तत्वों ने इसी वीडियो को डाउनलोड करके उसमें छेड़छाड़ कर दी। मूल वीडियो में महिला ने सलवार सूट पहना हुआ था, जब शरारती तत्वों ने वीडियो में महिला को सेमीन्यूड बनाकर इंटरनेट पर वीडियो वायरल दिया।

हरिद्वार के लोगों में आक्रोश

वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद हरिद्वार के लोगों में नाराजगी फैल गई। इस बीच सोशल मीडिया पर एक महिला ने आकर दावा किया कि यह उसका वीडियो है, उसने खुद का नाम सोनम यादव बताया है। महिला वीडियो में कहती दिखाई दे रही है कि वह हरियाणा साइबर थाने में शिकायत कर चुकी है। उसका आरोप है कि हरकी पैड़ी में उसके स्नान के वीडियो को एआई से छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। हालांकि यहां यह बताना जरूरी है कि पुलिस की तरफ से इस मामले में पुष्टि बाकी है।

पढ़ें :- हरिद्वार नगर निगम ने शुरू की नई पहल, ड्रोन तकनीक से होगी कांवड़ यात्रा और स्वच्छता की निगरानी

श्री गंगा सभा ने कहा- धर्म पर आघात

इस बीच श्री गंगा सभा ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। अध्यक्ष नितिन गौतम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने भी वायरल वीडियो देखा है। जिस प्रकार से एआई के माध्यम से हमारी माताओं और बहनों के चित्र सोशल मीडिया पर दर्शाए जा रहे हैं, वो अत्यंत निंदनीय हैं। हरिद्वार तीर्थ के निवासियों के लिए यह चिंता का विषय है। कूटरचित साजिश रचकर तीर्थ स्थलों को बदनाम करके सीधा धर्म पर आघात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनादिकाल से सनातन के ऊपर प्रहार होता आ रहा है और आधुनिक युग में यह कार्य बहुत आसान हो गया है। इसलिए शासन प्रशासन से मांग है कि वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

फैक्ट चेक में वीडियो की सच्चाई पता लगी

हालांकि लोगों ने फैक्ट चेक किए और एक अन्य वीडियो भी सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि महिला के स्नान का वीडियो वास्तविक है, जबकि बाद में कपड़े बदलकर वायरल किया गया वीडियो फर्जी है। इस दावे के सामने आने के बाद एआई तकनीक के दुरुपयोग को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, हम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं और वास्तविकता और उसमें की गई छेड़छाड़ की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन इस तरह धार्मिक स्थल पर वायरल वीडियो तरह तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। हरकी पैड़ी करोड़ों लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में गंगा घाट पर बनाए गए वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक रूप में प्रसारित किए जाने से तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी है।

Advertisement