नई दिल्ली। आईपीएल से पहले पंजाब किंग्स (Punjab kings) के खेमे से बड़ी खबर सामने आई है। टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ( Ricky Ponting) ने साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को जानसेन (Marco Jansen) को टीम से देर से जुड़ने की अनुमति दे दी है। दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप (T-20 World Cup) खत्म होने के बाद कई खिलाड़ियों को भारत से लौटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते यानसेन भी समय पर टीम के साथ नहीं जुड़ सके।
पढ़ें :- डु प्लेसिस ने टिम सीफर्ट और फिन एलन का किया समर्थन, कहा- आंद्रे रसेलकी भूमिका निभाएंगे कैमरन ग्रीन
जानकारी के मुताबिक, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के कुछ खिलाड़ी एक हफ्ते से ज्यादा समय तक भारत में ही फंसे रहे। इसकी वजह दुबई और अबू धाबी जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर सीमित फ्लाइट्स रहीं, जो पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का असर माना जा रहा है। इस देरी को लेकर सोशल मीडिया में वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी (Daren Sammy) और साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज डेविड मिलर (David Miller) ने भी नाराजगी जताई थी।
अब अपडेट ये है कि मार्को जानसेन (Marco Jansen) 26 मार्च को टीम के साथ जुड़ेंगे, जबकि कोच पोंटिंग और ज्यादातर विदेशी खिलाड़ी 21 मार्च को कैंप जॉइन करेंगे। वहीं अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अज़मतुल्लाह उमरज़ई (Azmatullah Omarzai) 23 मार्च को टीम से जुड़ेंगे, हालांकि उनके देश की मौजूदा स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
पिछले सीजन में रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की जोड़ी ने पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था, जो 2014 के बाद टीम का पहला फाइनल था। ऐसे में इस बार भी टीम से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
रिपोर्ट: हर्ष गौतम