नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में धनतेरस के मौके पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। गाड़ियों की लंबी कतार देखने को मिलीं। धनतेरस और दिवाली के उत्सव के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर खरीदारी करने के लिए उतरे, जिसके बाद ट्रैफिक जाम देखने को मिला। वहीं, इस भीड़ के कारण आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। दिल्ली-एनसीआर की लगभग हर प्रमुख सड़क पर किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। शहर का सड़क बुनियादी ढांचा पूरी तरह से चरमरा गया।
पढ़ें :- दिल्ली-एनसीआर वाले हो जाएं सावधान,एक्यूआई 400 पार, ब्लैक कार्बन ने भी बढ़ाई चिंता
दरअसल, देशभर में दिवाली और धनतेरस के त्योहार को धूमधाम से मनाया जाता है। धनतेरस के मौके पर लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करते हैं। यह दिवाली उत्सव का पहला दिन होता है। इस दिन सोना, चांदी के आभूषण, बर्तन, रसोई का सामान, वाहन, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स की भारी बिक्री होती है। झाड़ू खरीदना विशेष रूप से शुभ माना जाता है। यह त्योहार अश्विन या कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की तेरहवीं चंद्र तिथि को मनाया जाता है।
धनतेरस का दिन नई खरीदारी के लिए शुभ माना जाता है। इस दिन सिद्धि विनायक गणेश जी, धन की देवी महालक्ष्मी जी और कुबेर जी की पूजा की जाती है। धन्वंतरि की भी पूजा की जाती है। उन्हें आयुर्वेद का देवता माना जाता है, जिन्होंने मानव जाति के कल्याण के लिए आयुर्वेद का ज्ञान प्रदान किया।