संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की जान चली गई। सात महीने की बीमार बेटी का इलाज कराकर घर लौट रही महिला को सफर के दौरान जी घबराने लगा। उल्टी करने के लिए उसने चलती कार की खिड़की से सिर बाहर निकाला, तभी सड़क पर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसका सिर टकरा गया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पढ़ें :- कानपुर जू में मौत का तांडव! 40 दिन के भीतर 9 वन्यजीवों की मौत, संक्रमण की आशंका से बढ़ी चिंता
मृतका की पहचान बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पूरा मझोला निवासी दोजवती के रूप में हुई है। वह अपने पति बिंटू और सात महीने की बेटी पल्लवी के साथ बेटी का इलाज कराने हरियाणा के फरीदाबाद गई थीं। वहां उनके बहनोई जितेंद्र रहते हैं। बुधवार सुबह परिवार दिल्ली से बदायूं की ओर जा रही अर्टिगा टैक्सी में सवार होकर घर लौट रहा था।
बताया गया कि सुबह करीब 11:30 बजे कार बबराला थाना क्षेत्र के गांव भगतनगला के पास पहुंची। इसी दौरान दोजवती की तबीयत बिगड़ गई। जी घबराने पर वह उल्टी करने के लिए कार की खिड़की से सिर बाहर निकालने लगीं। तभी खेत की जुताई कर सड़क पर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनका सिर टकरा गया।
टक्कर लगने से दोजवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर में गहरी चोट आई और कानों से खून बहने लगा। पति बिंटू ने कार चालक की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
दोजवती अपनी सात महीने की बेटी के इलाज के लिए फरीदाबाद गई थीं। परिवार को उम्मीद थी कि बच्ची का उपचार कराकर वे सकुशल घर लौटेंगे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। मां की मौत से मासूम पल्लवी के सिर से साया उठ गया। पत्नी को खोने के बाद पति बिंटू का रो-रोकर बुरा हाल है।