यूपी की राजधानी लखनऊ में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कांग्रेस के 'संविधान रक्षा मार्च' को स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस फैसले के बाद, अब यह कार्यक्रम सड़क पर मार्च के बजाय प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा।
लखनऊ । यूपी की राजधानी लखनऊ में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कांग्रेस के ‘संविधान रक्षा मार्च’ को स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस फैसले के बाद, अब यह कार्यक्रम सड़क पर मार्च के बजाय प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस ने गुरुवार (26 नवंबर) को गांधी भवन में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालने की योजना बनाई थी, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को शामिल होना था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया के अनुसार, पार्टी की ओर से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण रखने का लिखित आश्वासन दिए जाने के बावजूद प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र को ‘संवेदनशील’ बताते हुए पैदल मार्च की अनुमति देने से मना कर दिया।
मार्च की परमिशन न मिलने के कारण पैदल मार्च रद्द कर दिया गया है और अब मल्लिकार्जुन खड़गे लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ही ‘संविधान रक्षा सम्मेलन’ (सभा) को संबोधित करेंगे। पीएल पुनिया और अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए दोहरे मापदंड का आरोप लगाया है और कहा है कि हाल ही में इसी क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मार्च निकालने की अनुमति दी गई थी।
गुरुवार को लखनऊ में कांग्रेस के कार्यक्रम और रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित होने वाली एक अन्य राजनीतिक रैली के मद्देनजर यातायात पुलिस ने हजरतगंज व विधानसभा के आसपास सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक रूट डायवर्जन लागू किया है।
प्रशासन ने मार्च की अनुमति नहीं दी: आराधना मिश्रा
सीट शेयरिंग के सवालों से बचने के लिए प्रेसवार्ता से गायब रहने वाली आराधना मिश्र ने बताया कि संविधान रक्षा मार्च कार्यक्रम को प्रशासन की अनुमति ना मिलने से स्थगित कर दिया गया है। इस मार्च को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह देखा जा रहा था। प्रदेश कार्यालय में खरगे के संबोधन और संविधान की प्रस्तावना की शपथ के बाद मार्च निकालने का कार्यक्रम था।