पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: आदर्श नगर पंचायत सोनौली के सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार का रविवार देर रात नेपाल के भैरहवां में एक सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया। इस घटना से नगर पंचायत के समस्त कर्मचारियों में शोक की लहर व्याप्त है।
पढ़ें :- तहसील दिवस में पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी की कड़ी नाराज़गी 20 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप, बीडीओ पर कार्रवाई की चेतावनी
32 वर्षीय जितेंद्र कुमार आदर्श नगर पंचायत सोनौली में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। रविवार शाम वे बाइक से नेपाल स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां गए थे। लौटते समय भैरहवां के देवकोटा चौराहे के पास घने कोहरे के कारण उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। भैरहवां पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
जितेंद्र कुमार सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष के रूप में कर्मचारियों के अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे। उनकी असामयिक मृत्यु से नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी एवं अन्य कर्मचारी गहरे शोक में हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष हबीब खान ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतक के अंतिम संस्कार के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए। जितेंद्र कुमार का अंतिम संस्कार सोनौली थाना क्षेत्र के सेमरा घाट पर संपन्न हो रहा है।