सोनभद्र: देश में मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी लगातार बेहतर होने की बात होती है, लेकिन सोनभद्र के एक गांव की 5 साल की बच्ची के लिए आज भी मोबाइल नेटवर्क सबसे बड़ी परेशानी बना हुआ है। पापा से फोन पर बात करने के लिए परेशान आनवी पटेल ने हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से अपने गांव में नेटवर्क ठीक कराने की अपील की है। उसकी मासूम गुहार का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
पढ़ें :- राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- अपनी जनता पार्टी बनेगी INDIA गठबंधन का हिस्सा
वीडियो में बच्ची सीधे डीएम को संबोधित करते हुए कहती है कि उसके गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं आता। पिता बाहर रहते हैं और नेटवर्क की वजह से उनसे फोन पर बात नहीं हो पाती। बच्ची की यह छोटी-सी शिकायत दरअसल गांव में मौजूद मोबाइल कनेक्टिविटी की बड़ी समस्या की ओर इशारा करती है।
हाथ जोड़कर बोली- डीएम अंकल, नेटवर्क लगवा दीजिए
सोशल मीडिया पर सामने आए करीब 14 सेकंड के वीडियो में आनवी हाथ जोड़कर खड़ी दिखाई देती है। वह कहती है, डीएम अंकल, मेरे गांव सरईगढ़ में मोबाइल का नेटवर्क लगवा दीजिए। मेरे पापा बाहर रहते हैं, हम उनको कॉल नहीं कर पाते हैं। प्लीज डीएम अंकल।
बच्ची की अपील में किसी बड़ी सुविधा की मांग नहीं है। उसकी परेशानी सिर्फ इतनी है कि वह अपने पिता से फोन पर बात करना चाहती है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों का ध्यान सरईगढ़ में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति पर गया।
पढ़ें :- यूपी चुनाव से पहले पूर्व IAS-IPS को एक राजनीतिक मंच पर लाने की तैयारी, दिव्या मित्तल और अलंकार अग्निहोत्री समेत कई पूर्व अफसरों किया जा रहा संपर्क
छुट्टियों में गांव पहुंची थी आनवी
आनवी पटेल रॉबर्ट्सगंज के हेलो किड्स स्कूल में यूकेजी की छात्रा है। उसका परिवार रॉबर्ट्सगंज में रहता है। उसके पिता विकास पटेल शहर के एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि मां रेनू प्रिया पटेल गृहिणी हैं। छुट्टियों के दौरान आनवी अपने परिवार के साथ रॉबर्ट्सगंज से करीब 60 किलोमीटर दूर पैतृक गांव सरईगढ़ पहुंची थी। गांव में मोबाइल नेटवर्क की परेशानी के चलते वह अपने पिता से ठीक से संपर्क नहीं कर पा रही थी। परिवार ने उसकी इसी परेशानी को वीडियो के जरिए सामने रखा।
यूपी के सोनभद्र डीएम एक बच्ची का वीडियो वायरल बोली डीएम अंकल! गांव में नेटवर्क लगवा दीजिए, पापा से बात नहीं हो होती हैं
मासूम की 14 सेकंड की अपील वायरल, डीएम ने लिया संज्ञान; चार माह में 28 मोबाइल टॉवरों को मिली मंजूरी pic.twitter.com/koCRBORX06
— VARUN SHARMA (INDIA TV) (@varunsh84917099) October 3, 2026
पढ़ें :- भाजपा ने ठुकराया तो अखिलेश ने अपनाया, सपा ने संजयन त्रिपाठी को बनाया MLC उम्मीदवार
डीएम ने लिया मामले का संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से गांव में मोबाइल कनेक्टिविटी की स्थिति की जानकारी जुटाई गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सरईगढ़ में सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने माना कि कुछ ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या है और जल्द इसका समाधान कराने की बात कही। यानी आनवी की अपील सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रही। उसके वीडियो के बाद प्रशासन ने गांव में नेटवर्क की स्थिति को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभी 2G नेटवर्क, 4G करने की तैयारी
बीएसएनएल के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, डीएम के निर्देश पर सरईगढ़ गांव का सर्वे कराया गया है। फिलहाल गांव में 2G नेटवर्क उपलब्ध है। अब इसे 4G में अपग्रेड करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजे जाने की जानकारी दी गई है। अगर प्रस्तावित व्यवस्था लागू होती है तो गांव के लोगों को बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी मिल सकेगी और सामान्य कॉलिंग के साथ डेटा सेवाओं में भी सुधार की उम्मीद है।
एक बच्ची की शिकायत ने सामने ला दी गांव की परेशानी
पढ़ें :- 2 अक्टूबर के मुंबई प्रदर्शन के बाद अब CJP आंदोलन का अगला पड़ाव दिल्ली, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान
आनवी के लिए मामला सिर्फ मोबाइल नेटवर्क का नहीं है। वह अपने पिता से बात करना चाहती है और गांव में नेटवर्क नहीं मिलने के कारण ऐसा नहीं कर पा रही। इसी वजह से उसकी कुछ सेकंड की अपील ने गांव की उस समस्या को सामने ला दिया, जो शायद लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बनी हुई है।
अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि 4G नेटवर्क को लेकर शुरू हुई प्रक्रिया कितनी जल्दी जमीन पर दिखाई देती है। फिलहाल पांच साल की आनवी की मासूम अपील ने प्रशासन को गांव की कनेक्टिविटी पर ध्यान देने के लिए जरूर मजबूर कर दिया है।