ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके में पुलिस ने एक होटल में चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक वरिष्ठ महिला वकील को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को भी मुक्त कराया गया, जिन्हें कथित तौर पर इस अवैध धंधे में धकेला गया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
पढ़ें :- Video-चलती कार में एक्स गर्लफ्रेंड के साथ खुद को बम से उड़ाया सिरफिरा, प्रेमिका ने कूदकर बचा ली जान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (एएचटीसी) को सूचना मिली थी कि कल्याण (पूर्व) स्थित एक होटल में पिछले कुछ महीनों से एक पढ़ी—लिखी महिला द्वारा सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा है। आरोपी महिला पेशे से वकील है और कल्याण तथा पनवेल की अदालतों में प्रैक्टिस करती है।
कई दिनों तक चली निगरानी
सूचना मिलने के बाद एएचटीसी की टीम ने होटल पर कई दिनों तक नजर रखी। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने सामान्य ग्राहकों के रूप में होटल में जाकर गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने होटल में कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं, जिसके बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।
नकली ग्राहकों के जरिए बिछाया जाल
पढ़ें :- मोहर्रम के जुलूस में 'विटामिन' और 'पेनकिलर' के नाम पर, फैयाज बांट रहा था चूहे मारने की गोली, 15 हजार लोगों को मारने की थी साजिश
शनिवार को एएचटीसी की टीम ठाणे से कल्याण पहुंची और स्थानीय कोलशेवाड़ी पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। पुलिस ने पहले होटल के आसपास मौजूद संभावित रास्तों की पहचान की और फिर नकली ग्राहकों को भेजकर पूरे रैकेट का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी महिला वकील को गिरफ्तार कर लिया गया।
होटल मालिक की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह रैकेट कब से चल रहा था, इसमें कितने लोग शामिल थे और कितनी महिलाओं को इस नेटवर्क के जरिए फंसाया गया। कोलशेवाड़ी पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, होटल मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल प्रबंधन को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।