लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति को मानवसेवा से जोड़ते हुए लखनऊ पुलिस मित्र परिवार के तरफ से 16वां स्वैच्छिक रक्तदान महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है। एक हाथ तिरंगा, एक हाथ रक्तदान स्वतंत्रता दिवस पर मानवता के नाम संदेश के साथ आयोजित होने वाला यह रक्तदान शिविर रविवार 16 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) हॉस्पिटल, पार्क रोड, हजरतगंज, लखनऊ में आयोजित होगा।
पढ़ें :- लखनऊ व्यापार मण्डल ने UPI शुल्क, जियो टैगिंग, अतिक्रमण व प्रशासनिक उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज बुलंद की
बतातें चलें कि लखनऊ पुलिस मित्र परिवार, पुलिस विभाग से जुड़े पुलिसकर्मियों व आम रक्तदानी नागरिकों का एक सेवा-भावी समूह है, जो सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी कविंद्र प्रताप सिंह के संरक्षण व उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह के निर्देशन में रक्तदान व मानवसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। यह समूह समय-समय पर विभिन्न सरकारी अस्पतालों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन करता है।
इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क रक्तदान व रक्त की व्यवस्था करने तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाते हैं। लखनऊ पुलिस मित्र परिवार का उद्देश्य केवल रक्तदान शिविर आयोजित करना ही नहीं, बल्कि समाज में ऐसी रक्तदानी संस्कृति विकसित करना है, जिसमें जरूरत के समय किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े। समूह के सदस्यों का मानना है कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी मानवता की सेवा है।
शिविर के आयोजक जितेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए देश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। यदि इस दिन किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में हमारा रक्त काम आ जाए तो इससे बड़ी मानवसेवा और क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई धर्म, जाति या मजहब नहीं होता रक्त केवल जीवन बचाता है। उन्होंने पुलिस परिवार, सामाजिक संगठनों, युवाओं, समाजसेवियों, रक्तदाताओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे इस सेवा महायज्ञ में सहभागी बनें और अपनी गरिमामयी उपस्थिति से रक्तदान के इस अभियान को मजबूती प्रदान करें।