हरियाणा। चीन में एक भीषण हादसे में जान गंवाने वाले हरियाणा के युवक अजीत चौहान का शव करीब दो महीने बाद भारत पहुंच पाया है। बेटे की मौत के बाद से परिवार लगातार उसके पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहा था। शव बीते मंगलवार रात दिल्ली पहुंचा। आज यानी 25 नवंबर को भिवानी जिले के पैतृक गांव चांग में उसका अंतिम संस्कार किया जाना है। इस खबर के सामने आने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पढ़ें :- सिर डेस्क पर पटका, बार-बार ईंट से मारा! 8 साल के लड़के ने 6 साल की बच्ची पर किया जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुयी खौफनाक वारदात
जहाज पर कैसे हुआ था हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते 26 सितंबर 2026 को चीन में कंटेनर लिफ्टिंग के दौरान यह हादसा हुआ था। बता दें कि अजीत चौहान मर्चेंट नेवी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। स्वजन के मुताबिक, जहाज पर सामान लोड किया जा रहा था। इसी दौरान करीब पांच टन वजनी कंटेनर उठाने के लिए दो टन क्षमता वाली बेल्ट का इस्तेमाल किया गया। ज्यादा वजन होने के कारण बेल्ट टूट गई और कंटेनर नीचे काम कर रहे अजीत के ऊपर गिर पड़ा। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दो महीने तक परिवार करता रहा शव का इंतजार
अजीत के चाचा बजरंग चौहान के अनुसार, चीन में जरूरी दस्तावेजों और औपचारिकताओं के कारण शव को भारत लाने में काफी समय लग गया। वहीं परिवार लगातार उनके पार्थिव शरीर के भारत आने का इंतजार कर रहा था। ऐसा बताया गया है कि अजीत की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। उनका बड़ा भाई भी मर्चेंट नेवी में काम करता है। बता दें कि बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पढ़ें :- 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरी बच्ची को निकालने के लिए 10 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, नहीं बच पायी मासूम की जान
कंपनी के खिलाफ कार्रवाई पर विचार
स्वजनों का कहना है कि शव गांव पहुंचने के बाद वे हादसे की परिस्थितियों को और स्पष्ट रूप से समझना चाहते हैं। जरूरत पड़ने पर परिवार संबंधित कंपनी या कंटेनर उठाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार कर सकता है।