Online Dating Fraud: दिल्ली में ऑनलाइन बातचीत के बाद डेट पर मिलने पहुंचे एक युवक के साथ कथित ठगी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने पहले वॉट्सऐप के जरिए युवक से संपर्क किया और बातचीत के बाद उसे मिलने के लिए बुलाया। युवक जब तय जगह पर पहुंचा तो महिला उसे कड़कड़डूमा इलाके के एक रेस्टोरेंट में ले गई। कुछ देर बाद युवक के सामने करीब 21 हजार रुपये का बिल रख दिया गया।
पढ़ें :- CJP के प्रदर्शन में क्यों नहीं पहुंचे सोनम वांगचुक? वीडियो जारी कर बताई वजह
युवक का कहना है कि उसने बिल में लिखी रकम को लेकर सवाल किया, क्योंकि उसके मुताबिक उसने इतनी कीमत का खाना ऑर्डर नहीं किया था। जब उसने भुगतान करने से इनकार किया तो रेस्टोरेंट के स्टाफ और बाउंसरों ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, इस दौरान उससे करीब 24 हजार रुपये जबरन ले लिए गए और इसके बाद उससे 25 हजार रुपये और देने की मांग की गई।
किसी तरह वहां से निकलने के बाद युवक आनंद विहार थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रेस्टोरेंट का बाउंसर अमन गुर्जर और कथित तौर पर इस पूरे मामले से जुड़ा मोहम्मद अरशदुल्लाह आलम शामिल है।
पुलिस अब उस महिला की तलाश कर रही है, जिसने युवक से संपर्क कर उसे मिलने के लिए बुलाया था। मामले की जांच जारी है। यह घटना ऑनलाइन डेटिंग या सोशल मीडिया के जरिए अनजान लोगों से मिलने के दौरान सतर्क रहने की जरूरत भी दिखाती है।