गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए जेवर एयरपोर्ट की राह अब काफी आसान होने जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच बनने वाले नए कॉरिडोर पर 11 नमो भारत (Rapid Rail) और 18 लोकल मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के चालू होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट का सफर मात्र 40 से 50 मिनट में पूरा हो सकेगा।
पढ़ें :- बेंगलुरु में बदहाल सड़क की वजह से हुई दुर्घटना, एक महिला की दर्दनाक मौत
एक ही ट्रैक पर दौड़ेंगी नमो भारत और मेट्रो
NCRTC के मुताबिक, यह देश की एक ऐसी अनोखी परिवहन प्रणाली होगी जहां 72.44 किलोमीटर लंबे इस पूरे कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनें और लोकल मेट्रो एक ही ट्रैक साझा करेंगी। 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ, नमो भारत ट्रेनें एक्सप्रेस सेवा के रूप में चलेंगी, जो केवल प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। वहीं, लोकल मेट्रो सेवा गाजियाबाद से इकोटेक-VI के बीच स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए सभी 18 स्टेशनों पर रुकेगी।
प्रमुख स्टेशन और रूट रूपरेखा
इस कॉरिडोर का करीब 71.15 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड यानी खंभों पर होगा, जबकि जेवर एयरपोर्ट के पास 1.29 किलोमीटर का हिस्सा भूमिगत बनाया जाएगा। इनमें गाजियाबाद दक्षिण, ग्रेटर नोएडा, सूरजपुर, दनकौर और जेवर एयरपोर्ट जैसे प्रमुख जंक्शन शामिल हैं। इसके अलावा इसमें 18 मेट्रो स्टेशन भी शामिल होंगे। इनमें इनमें सिद्धार्थ विहार, प्रताप विहार, नॉलेज पार्क और यीडा के विभिन्न सेक्टर्स को जोड़ा जाएगा।भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक अतिरिक्त नमो भारत स्टेशन और 11 मेट्रो स्टेशनों को भविष्य के विस्तार के लिए आरक्षित रखा गया है।
पढ़ें :- रूस-यूक्रेन युद्ध में हवाई हमलों में 8 लोगों की मौत, 45 घायल, एयर डिफेंस नाकाम
₹20,640 करोड़ की लागत और डिपो योजना
आपको बता दें कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण पर लगभग ₹20,640 करोड़ की लागत का अनुमान है। वहीं ट्रेनों के रखरखाव और संचालन के लिए दो डिपो प्रस्तावित किए गए हैं, जिसमें इकोटेक-VI को मुख्य डिपो और यीडा सेक्टर-21 को सेकेंडरी डिपो के रूप में विकसित किया जाएगा। यह कॉरिडोर दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस (RRTS) मार्ग के गाजियाबाद स्टेशन से जुड़ेगा। इसकी मदद से मेरठ और दिल्ली के यात्रियों को भी जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी और निर्बाध कनेक्टिविटी मिल सकेगी।