नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कानून व्यवस्था एक बड़ा मुद्दा बन गया है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्षी दल के नेता नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साध रहे हैं। अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार की एनडीए सरकार पर हमला बोला है। उनहोंने कहा कि, जदयू और भाजपा ठगबंधन ने बिहार को देश की “क्राइम कैपिटल” बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।
पढ़ें :- राहुल गांधी ने पीएम मोदी से दागा सवाल, बोले- हर संकट में सबसे पहले गरीब क्यों मरता है
कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बिहार में अवसरवादी डबल इंजन सरकार ने क़ानून व्यवस्था तबाह कर दी है। पिछले 6 माह में 8 बिजनेसमैन की हत्या, 5 बार पुलिस की पिटाई हुई है। कल ही अंधविश्वास के चलते एक ही परिवार के पाँच लोगों को मारा गया। मासूम बच्चों तक को नहीं बख़्शा। जदयू और भाजपा ठगबंधन ने बिहार को देश की “क्राइम कैपिटल” बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।
उन्होंने आगे लिखा, मोदी सरकार के खुद के आंकड़े बताते हैं कि बिहार में ग़रीबी चरम पर है, सामाजिक और आर्थिक न्याय की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है और ठप्प क़ानून व्यवस्था के चलते, निवेश केवल काग़ज़ों तक सीमित रह गया है। इस बार बिहार ने तय कर लिया है कि अब वो बीमार नहीं रहेगा। बिहार में बदलाव तय है। इंडिया गठबंधन इस बदलाव को लाकर रहेगा।
गोपाल खेमका की हत्याकांड पर घिरी सरकार
बिहार के जाने माने उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर नीतीश सरकार चौतरफा घिर गई है। बिहार में इन दिनों लगातार बड़ी वारदातों ने वहां की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। विपक्षी दल के नेता इन्हीं घटनाओं को लेकर सरकार को घेरने में जुटे हैं।