नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा‘ ओडिशा पहुंच गई है। राहुल गांधी इस यात्रा में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इसके साथ ही केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना भी साध रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि, देश में आज भयंकर सामाजिक अन्याय हो रहा है। आप जीएसटी भरते हैं और मजा अडानी जैसे लोग उठाते हैं। क्योंकि अडानी खदान खरीदता है, सड़क और पुल के टेंडर लेता है, मीडिया को कंट्रोल करता है। फिर उसी की मीडिया हम से पूछती है कि आप जातिगत जनगणना की बात क्यों कर रहे हैं?
पढ़ें :- RCB vs SRH Live streaming : आज IPL 2026 के ओपनिंग मैच में आरसीबी और सनराइजर्स की होगी भिड़ंत, जानें- कब, कहां देख पाएंगे लाइव मैच
इसके साथ ही उन्होंने कहा, क्या आपको नरेंद्र मोदी की जाति के बारे में ये सच पता है? नरेंद्र मोदी ‘सामान्य वर्ग‘ में पैदा हुए और सीएम बनने के बाद उन्होंने अपनी जाति ओबीसी में बदल दी। मैंने जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय की बात की तो पीएम मोदी ने कहा. देश में सिर्फ दो जातियां हैंः अमीर और गरीब…अगर दो जातियां हैं तो आप क्या हैं? गरीब तो आप हैं नहीं! आप करोड़ों का सूट पहनते हैं। दिन में कई बार कपड़े बदलते हैं, फिर झूठ बोलते हैं कि मैं ओबीसी वर्ग का आदमी हूं।
राहुल गांधी ने कहा कि, हिंदुस्तान के बड़े-बड़े उद्योगपति चीन से माल खरीदकर आपको बेचते हैं। इससे चीन का पैसा बनता है, रोजगार चीन के युवाओं को मिलता है। महंगाई बढ़ती है तो परेशानी आपको होती है, अडानी और मोदी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। यानी आप पर आर्थिक अन्याय हो रहा है, जिसे आप देख नहीं पा रहे हैं। साथ ही कहा कि, बीजेडी और बीजेपी दोनों यहां किसानों को लूट रहे हैं। ये पार्टनरशिप कर आदिवासियों की जमीन चोरी करने में लगे हुए हैं। इसलिए हम अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं।