Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में आफ़त की बारिश : आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत, लखनऊ समेत 21 जिलों में हाई अलर्ट

यूपी में आफ़त की बारिश : आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत, लखनऊ समेत 21 जिलों में हाई अलर्ट

By santosh singh 
Updated Date

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस समय मानसून का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों से मूसलाधार बारिश, जलभराव और आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान की चिंताजनक खबरें सामने आ रही हैं। सबसे दुखद घटना अवध क्षेत्र से सामने आई है, जहां भारी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 4 लोगों की असमय जान चली गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

पढ़ें :- लखनऊ में स्वाइन फ्लू जांच के दाम तय: अब प्राइवेट लैब 3000 रुपये से ज्यादा नहीं वसूल सकेंगे, उल्लंघन पर रद्द होगा लाइसेंस

हालात की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के 21 जिलों में भारी से अति-भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज व रेड अलर्ट जारी किया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी (प्राइवेट) स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घरों में ही सुरक्षित रखें।

राजधानी लखनऊ में थमा जनजीवन, सड़कों पर बहा पानी

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के बीचों-बीच गुजरने वाली गोमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। लखनऊ के कुछ इलाकों जैसे गोमती नगर एक्सटेंशन,पुराना लखनऊ मरीन ड्राइव और निचले इलाकों की सड़कों पर जलजमाव हो गया है।

सड़कों पर पानी भर जाने के कारण गाड़ियों की आवाजाही थम सी गई है। कई स्थानों पर गाड़ियां पानी में बंद हो गईं, जिसके चलते लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। दैनिक यात्रियों और काम पर निकलने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पढ़ें :- ACP रोकते रहे, लेकिन इंस्पेक्टर की लाठी चलती रही! आगरा में यूजीसी नियमों के विरोध प्रदर्शन पर बवाल..

बिजली सप्लाई ठप, जनरेटर और सब-स्टेशन प्रभावित

इस भारी बारिश और जलभराव का सबसे बुरा असर शहरों मे पानी भरने की वजह से कई इलाकों में बिजली की सप्लाई बंद या प्रभावित हो गई। कई मुख्य बिजली सब-स्टेशनों और निचले इलाकों में पानी भर जाने के कारण सुरक्षा के लिहाज से मुख्य बिजली यूनिटों को बंद करना पड़ा है। इस वजह से प्रदेश के कई बड़े इलाकों में घंटों से बिजली गुल है। बिजली विभाग का कहना है कि जल निकासी के बाद ही सप्लाई बहाल की जा सकेगी। फिलहाल, विभाग की तकनीकी टीमें बारिश के बीच भी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं।

अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील प्रशासन सतर्क

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटे इन 21 चिन्हित जिलों के लिए बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं। इस दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अत्यधिक मूसलाधार बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) और स्थानीय प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पंपों के जरिए सड़कों से जल निकासी का काम लगातार जारी है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं और हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम खराब होने पर बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। बारिश या बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों, जर्जर मकानों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

पढ़ें :- पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का बड़ा आरोप,बोले- पार्टी के लोगों ने मुझे चुनाव हराया, बीजेपी में मुझे दरकिनार करने की हो रही है कोशिश

रिपोर्ट : दीपांजली मिश्रा

Advertisement