Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP Board Exam 2025 : डीआईओएस की देखरेख में 12 जिलों के लिए रिजर्व होगा पेपर का अतिरिक्त सेट

UP Board Exam 2025 : डीआईओएस की देखरेख में 12 जिलों के लिए रिजर्व होगा पेपर का अतिरिक्त सेट

By santosh singh 
Updated Date

लखनऊ। यूपी में 24 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा के लिए सभी कील-कांटे दुरुस्त किए जा रहे हैं। इसी के तहत प्रदेश के 12 जिलों के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। इन चिह्नित जिलों में पेपर के दो सेट के अतिरिक्त भी एक सेट रखा जाएगा। जो पुन: परीक्षा की स्थिति में प्रयोग किया जा सकेगा। इसे लेकर मुख्य सचिव की ओर से विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

पढ़ें :- UP के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत! दशकों की सेवा के बाद नियमितीकरण का आदेश, बकाया वेतन और पेंशन लाभ भी मिलेंगे

सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त को भेजे पत्र में कहा गया है कि बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों के पुन: परीक्षा की स्थिति में देरी न हो, इसके तहत पेपर का एक अतिरिक्त सेट तैयार रहेगा। चिह्नित किए गए 12 जिलों में यह अतिरिक्त सेट पेपर डीआईओएस की देखरेख में होगा, जिसका वह आवश्यकतानुसार प्रयोग कर सकेंगे।

उन्होंने कहा है कि पुन: परीक्षा की आकस्मिक स्थिति में जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर तुरंत दूसरे सेट के पेपर का वितरण व्यावहारिक रूप से संभव नहीं होगा। इसे देखते हुए संबंधित जिलों में पेपर के अतिरिक्त सेट रखने की व्यवस्था प्रभावी की गई है। यह सेट सीधे डीआईओएस को उपलब्ध कराए जाएंगे। डीआईओएस इसे पुलिस सुरक्षा में डबक लॉक स्ट्रांग रूम में रखवाएंगे।

परीक्षा केंद्रों पर आवश्यकतानुसार इस अतिरिक्त सेट का वितरण डीआईओएस व डीएम द्वारा नामित अधिकारी कराएंगे। अतिरिक्त पेपर सेट रखने के लिए अतिरिक्त डबल लॉक आलमारी (पूर्व निर्धारित तीन आलमारी के अतिरिक्त) व्यवस्था की जाएगी। इसे परीक्षा केंद्र पर स्थापित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम व उसके अंदर रखी गई चारों डबल लॉक आलमारी सहित सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। मुख्य सचिव ने इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं।

मंडलीय पर्यवेक्षक 18 तक करेंगे भ्रमण

पढ़ें :- Deepotsav 2026 : सरयू के कनक कछार’ पर उतरा त्रेता का उल्लास, मुख्यमंत्री योगी  के नेतृत्व में  10वीं बार रामनगरी में जले आस्था और आत्मीयता के दीप

बोर्ड परीक्षा के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से मंडल स्तरीय 15 व जिला स्तरीय 75 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। महानिदेशक ने इन सभी को निर्देश दिए हैं कि वे 18 फरवरी तक अपने मंडल व जिलों का भ्रमण कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा कर लें। मंडलीय पर्यवेक्षक अपने आवंटित मंडल के कमिश्नर व जिला पर्यवेक्षक अपने जिले के डीएम से संपर्क कर उन्हें परीक्षा की तैयारियों की स्थिति से अवगत कराएंगे।

उन्होंने कहा है कि सभी पर्यवेक्षण अधिकारी डीएम की अध्यक्षता में होने वाली केंद्र व्यवस्थापकों आदि की बैठक में खुद शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र पर परीक्षा से पहले स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व शुचिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण की आख्या माध्यमिक शिक्षा निदेशक, सचिव को भी उपलब्ध कराएंगे। जिले के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों की सूची प्राप्त करके, यहां पर विशेष ध्यान रखेंगे।

Advertisement