Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP Heavy Rain Alert : 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, यूपी में मानसून 20 जून तक करेगा एंट्री

UP Heavy Rain Alert : 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, यूपी में मानसून 20 जून तक करेगा एंट्री

By santosh singh 
Updated Date

लखनऊ। यूपी के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। 11 जून गुरुवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय (New Western Disturbance Active) हो रहा है। इससे प्रदेश में प्री-मानसून (Pre-Monsoon) की गतिविधियों में तेजी आएगी। 15-16 जून तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा। 10 दिन के अंदर पूरे यूपी पर छा जाएगा।

पढ़ें :- सीएम योगी ने महानवमी पर अवकाश का किया ऐलान, 19 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज व सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद

17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (Meteorological Department) ने यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

यूपी में प्री-मानसून (Pre-Monsoon) की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार तड़के गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर, गोंडा, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, फर्रुखाबाद, संभल, बिजनौर समेत 12 शहरों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। लेकिन, हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत है।

इससे पहले, बरेली में बुधवार देर रात 90 की रफ्तार से तूफान आया। जोरदार बारिश हुई। सड़कों पर करीब 2 फीट तक पानी भर गया। सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिर गए। पेट्रोल पंप की पूरी छत उड़ गई। पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली के तारों पर गिर गईं। इससे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। करीब 10 घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी।

पढ़ें :- लखनऊ में नकली दवाओं और फर्जी बिलिंग पर FSDA का बड़ा एक्शन, 14 प्रतिष्ठानों का लाइसेंस रद और 29 निलंबित

मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओले और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, 24 घंटे के अंदर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव (New Western Disturbance Active) हो जाएगा। इससे प्री-मानसून (Pre-Monsoon) जोर पकड़ेगा। अगले तीन दिन तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रहेगा।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो बुधवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई। हालांकि, बाकी शहरों में तेज धूप निकली। आंधी-तूफान से चित्रकूट में 4.5 करोड़ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा में 100 की रफ्तार से आए तूफान में टिनशेड उड़कर महिला पर गिर गई।

लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल सिंह (Lucknow-based scientist Atul Singh) ने बताया कि यूपी में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी। 15-16 जून तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलेगा। प्रदेश में मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा। 10 दिन के अंदर पूरे यूपी पर छा जाएगा।

फर्रुखाबाद में गरज-चमक के साथ रिमझिम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत

फर्रुखाबाद में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया। बिजली की गड़गड़ाहट और गरज-चमक के बीच हुई रिमझिम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह से छाए बादलों के बीच हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल थे। रिमझिम बारिश की बूंदों ने तापमान में गिरावट लाते हुए लोगों को राहत पहुंचाई। बारिश शुरू होते ही लोग घरों और दुकानों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए।

पढ़ें :- पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने 'जननीति भारत पार्टी' बनाई , बोलीं- 2027 का चुनाव लड़ेंगे, आपका राज होगा,मीरजापुर सदर से लड़ेंगी चुनाव

अयोध्या में मौसम सुहाना बना हुआ है। रात में हुई बारिश के बाद आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। सुबह का तापमान घटकर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 24 से 48 घंटे तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्री मानसून सक्रिय रहेगा। इससे तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

मुज़फ्फरनगर में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से छाए काले बादलों के बीच दिन निकलते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी। कई जगह मूसलाधार बारिश से जलभराव तक हो गया। तापमान 40 से 46 डिग्री के स्तर से गिरकर करीब 29 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि हवा की रफ्तार 23 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली और सड़कों पर बारिश का आनंद लेते नजर आए।

गोरखपुर में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। गुरुवार सुबह से ही मौसम पूरी तरह बदल गया है। देर रात से गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो अभी भी जारी है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम काफी सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर 27 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।

Advertisement