Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. शोरूम में घुसा चोर: कॉफी पी, नहाकर कपड़े सुखाए, गाना बजाकर लुंगी डांस किया फिर 5 लाख की KTM लेकर भागा, CCTV में कैद

शोरूम में घुसा चोर: कॉफी पी, नहाकर कपड़े सुखाए, गाना बजाकर लुंगी डांस किया फिर 5 लाख की KTM लेकर भागा, CCTV में कैद

By Harsh 
Updated Date

वाराणसी: वाराणसी में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस के साथ-साथ शोरूम कर्मचारियों को भी हैरान कर दिया। मंडुआडीह थाना क्षेत्र के एक ऑटोमोबाइल शोरूम में चोर कांच का दरवाजा काटकर दाखिल हुआ और करीब साढ़े चार घंटे तक अंदर आराम से रहा। इस दौरान उसने कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया, अपने कपड़े सुखाए और कंप्यूटर पर गाने चलाकर बाइक के कवर को लुंगी की तरह पहनकर डांस भी किया। इसके बाद करीब 4.71 लाख रुपये कीमत की KTM Adventure 390 S बाइक लेकर फरार हो गया। उसकी पूरी हरकत CCTV में रिकॉर्ड हो गई।

पढ़ें :- पुजारी ने प्रेम-प्रसंग के चलते दो दोस्तों को मारकर मंदिर प्रांगण में दफनाया, आरोपी फरार, दो शिष्य गिरफ्तार

36 मिनट तक काटता रहा कांच का दरवाजा

शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक सोमवार रात करीब 10 बजे कर्मचारी शोरूम बंद करके घर चले गए थे। करीब 11:30 बजे एक युवक वहां पहुंचा। उसके हाथ में देवी माता की तस्वीर थी और उसने सफेद शर्ट व जींस पहन रखी थी। बारिश से बचने के लिए उसने बाहर लगा बैनर ओढ़ लिया और कटर से कांच का दरवाजा काटना शुरू कर दिया। करीब 36 मिनट की मेहनत के बाद रात 12:06 बजे वह शोरूम के अंदर पहुंच गया।

पहले कॉफी पी, फिर आराम से नहाया

अंदर पहुंचते ही युवक ने रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर चालू किया और कुछ देर रिवॉल्विंग चेयर पर बैठा रहा। इसके बाद उसने मिनी फ्रिज से पानी निकाला और कॉफी मशीन से कॉफी बनाकर पी। इसके बाद वह सीधे वॉशरूम में गया और वहां नहाया। नहाने के बाद अपने गीले कपड़े उसने बाइक पर सुखाने के लिए डाल दिए।

पढ़ें :- वाराणसी में बड़ा सड़क हादसा, बाइक सवार दो कांवरियों सहित छह लोग घायल

बाइक कवर को बनाया लुंगी, गाने बजाकर किया डांस

चोर की अगली हरकत ने सबको चौंका दिया। उसने बाइक का कवर फाड़कर उसे लुंगी की तरह लपेट लिया और कंप्यूटर पर गाने चलाकर डांस करने लगा। CCTV में उसकी ये पूरी करतूत कैद हुई है।

शोरूम से निकलने से पहले उसने एजेंसी की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी। इसके बाद एक नया बाइक कवर लिया और करीब सुबह 4 बजे मैनेजर की चाबी लगी KTM Adventure 390 S बाइक स्टार्ट कर वहां से निकल गया।

CCTV और फिंगरप्रिंट से तलाश

सुबह सिक्योरिटी गार्ड ने शोरूम का कांच टूटा देखा तो मैनेजर को सूचना दी। इसके बाद मंडुआडीह थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने CCTV फुटेज के साथ मौके से मिले फिंगरप्रिंट्स को जांच में शामिल किया है। थाना प्रभारी अजय वर्मा के मुताबिक आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए जांच की जा रही है।

Advertisement