मनोरंजन डेस्क, लखनऊ। बॉलीवुड अभिनेत्री तारा सुतारिया और अभिनेता वीर पहाड़िया एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। दोनों के रिश्ते में अलगाव की खबरों के बीच, वीर के एक सोशल मीडिया कमेंट ने उनके फैंस के बीच पैचअप की अटकलें तेज कर दी हैं। हालांकि, दोनों की तरफ से इस रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पढ़ें :- अल्लू अर्जुन की 'Raaka' से गोविंदा की वापसी की चर्चा, फिर चमकेगा 90s का सितारा
तारा के बर्थडे वीडियो पर वीर ने किया कमेंट
दरअसल, बीते 19 नवंबर को अपना 31वां जन्मदिन तारा सुतारिया ने मनाया था। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी (Orry) ने इस खास मौके की कुछ झलकियां इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए साझा कीं। इस वीडियो में तारा अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाती और केक काटती नजर आईं। बता दें कि इस पोस्ट पर वीर पहाड़िया ने केक और सफेद दिल वाला इमोजी कमेंट किया। सबसे खास बात यह रही कि ओरी ने वीर के इस कमेंट को पिन भी कर दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस दोनों के दोबारा करीब आने के अनुमान लगाने लगे।
जनवरी में आई थी अलग होने की खबर
रिर्पोटों के मुताबिक, साल 2025 में तारा और वीर के रिश्ते की चर्चा शुरू हुई थी। दोनों ने जुलाई 2025 के आसपास सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों कई मौकों पर साथ दिखाई भी दिए। वहीं जनवरी 2026 में दोनों के अलग होने की खबरें सामने आईं। दिसंबर 2025 में सिंगर एपी ढिल्लों के मुंबई कॉन्सर्ट के दौरान तारा के साथ मंच पर हुए एक पल को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। इसके बाद वीर की प्रतिक्रिया से जुड़े कुछ वीडियो भी वायरल हुए। तारा ने उस समय अपने खिलाफ फैलाए जा रहे कथित पेड पीआर और गलत नैरेटिव पर नाराजगी जताई थी। वीर ने भी उस वायरल वीडियो को भ्रामक तरीके से एडिट किए जाने की बात कही थी।
पढ़ें :- आठ महीने बाद 'धुरंधर 2' की यालीना सारा अर्जुन को मिली नई फिल्म, यशराज फिल्म्स के साथ मनीष शर्मा की अगली मूवी में आएंगी नजर
क्या सच में हो गया है पैचअप?
सोशल मीडिया पर वीर के हालिया कमेंट के बाद फैंस को काफी उम्मीद है कि दोनों के बीच फिर से सबकुछ ठीक हो सकता है। लेकिन सिर्फ एक इमोजी वाले कमेंट को रिश्ते में वापसी का संकेत समझना जल्दबाजी होगी। अभी तक न तो तारा ने और न ही वीर ने पैचअप की खबरों की पुष्टि की है।
फिलहाल, वीर का बर्थडे पोस्ट पर किया गया कमेंट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।