Dinesh Sharma Biography: बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा को अब एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रपति ने उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है। यानी उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे दिनेश शर्मा अब केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन की कमान संभालेंगे। लेकिन सवाल है कि आखिर दिनेश शर्मा कौन हैं और राजनीति में उनका कद इतना बड़ा कैसे हुआ? तो चलिए आपको बताते हैं उनका पूरा सफर ।
पढ़ें :- आजम खान को एनकाउंटर का डर होना चाहिए... संगीत सोम का तीखा हमला, बोले- राम मंदिर जाकर मांगें माफी
दिनेश शर्मा का जन्म लखनऊ में हुआ था। उनके पिता केदार नाथ शर्मा RSS और जनसंघ से जुड़े हुए थे। यानी राजनीतिक और वैचारिक माहौल उन्हें परिवार से ही मिला। दिनेश शर्मा ने लखनऊ विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और बाद में इसी विश्वविद्यालय में शिक्षक के तौर पर भी काम किया। साल 1992 में वह लखनऊ विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग से जुड़े और आगे चलकर प्रोफेसर बने। हालांकि छात्र जीवन से ही उनका झुकाव राजनीति की तरफ था। उन्होंने ABVP के जरिए अपनी राजनीतिक सक्रियता शुरू की और इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी काम किया।
दिनेश शर्मा के राजनीतिक करियर में बड़ा मोड़ साल 2006 में आया, जब उन्हें लखनऊ का मेयर चुना गया। इसके बाद 2012 में वह दूसरी बार लखनऊ के मेयर बने। इसके बाद बीजेपी संगठन में भी उनका कद बढ़ता गया। 2014 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। यही वह दौर था जब बीजेपी में उनकी संगठनात्मक भूमिका लगातार मजबूत होती गई।
फिर आया साल 2017 , उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनी और दिनेश शर्मा को केशव प्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। 19 मार्च 2017 को उन्होंने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। उस वक्त वह विधानसभा के निर्वाचित सदस्य नहीं थे। बाद में वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य बने। योगी सरकार के पहले कार्यकाल में उनके पास शिक्षा समेत कई अहम विभागों की जिम्मेदारी रही।
डिप्टी सीएम के कार्यकाल के बाद बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजा। वह राज्यसभा के उपसभापति पैनल में भी रहे और अब उनके राजनीतिक सफर में एक और बड़ा पड़ाव जुड़ गया है। डॉ. दिनेश शर्मा अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल होंगे। यानी लखनऊ के मेयर से शुरू हुआ सफर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम तक पहुंचा, फिर राज्यसभा और अब केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी तक पहुंच चुका है।
पढ़ें :- 'कांग्रेस के भीख के कटोरे में अखिलेश कितनी सीटें डालेंगे?' भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कसा तंज
दिलचस्प बात ये है कि दिनेश शर्मा का सफर सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहा। शिक्षक, संगठन के नेता, मेयर, डिप्टी सीएम, राज्यसभा सांसद और अब उपराज्यपाल- उनकी राजनीतिक यात्रा कई अलग-अलग भूमिकाओं से होकर गुजरी है। अब देखना होगा कि अंडमान और निकोबार में उपराज्यपाल के तौर पर डॉ. दिनेश शर्मा की नई पारी कैसी रहती है।