Violence during CJP protest : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार द्वारा उनकी अन्य मांगें मान लिए जाने के बाद, कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को अपना 36 दिन का आंदोलन खत्म कर दिया। लेकिन, छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सुरक्षाबलों की ओर से किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस व कथित तौर पर पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सियासत गरमायी हुई है। इन मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर जवाब मांगा है।
पढ़ें :- कारगिल विजय दिवस की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, PM मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को दी बधाई
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को एक्स पोस्ट में “छात्रों को मारने का आदेश किसने दिया?” के कैप्शन के साथ गृहमंत्री को लिखा गया पत्र साझा किया है। जिसमें राहुल ने कहा है कि दिल्ली में तैनात सुरक्षा बल आखिरकार आपके प्रति जवाबदेह हैं वह उनसे पूछ रहे हैं कि क्या गृहमंत्री ने छात्रों के खिलाफ पेलेट गन समेत घातक बल के इस्तेमाल को मंजूरी दी थी और सादे कपड़ों में छात्रों को लाठी से पीटने वाले कौन थे? राहुल गांधी ने लिखा, “आदरणीय श्री अमित शाह, मैं 20 जुलाई, 2026 को दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए बर्बर हमले के लिए जवाबदेही की मांग करते हुए यह पत्र लिख रहा हूं।”
नेता प्रतिपक्ष ने आगे लिखा, “हमारे छात्र एक निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा प्रणाली की मांग कर रहे थे। उनकी बात सुनने के बजाय, सुरक्षा बलों ने उन पर अंधाधुंध बल प्रयोग किया, जिसमें घातक हथियारों और आंसू गैस का इस्तेमाल भी शामिल था। सैकड़ों छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। महिला छात्रों पर पुलिसकर्मियों ने हमला किया, जिसमें जानबूझकर उनके निजी अंगों को निशाना बनाना भी शामिल है।” उन्होंने लिखा, “सबसे चौंकाने वाली बात जानलेवा पेलेट गन का इस्तेमाल रही है। मीडिया और सोशल मीडिया की रिपोर्टों में साफ़ तौर पर उन लोगों को देखा जा सकता है जो गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक पत्रकार भी शामिल है। मैं 19 साल के छात्र साहिल लोचब से मिला, जो अभी बहुत दर्द में है और हो सकता है कि उसकी एक आँख चली जाए, क्योंकि उसे पेलेट गन से गोली मारी गई थी।”
राहुल गांधी ने अपने पत्र में गृहमंत्री से सवाल करते हुए लिखा, “दिल्ली में तैनात सुरक्षा बल आखिरकार आपके ही अधीन हैं, इसलिए मैं पूछता हूँ: 1. गृह मंत्री के तौर पर, क्या आपने छात्रों के ख़िलाफ़ पेलेट गन समेत जानलेवा बल के इस्तेमाल को मंज़ूरी दी थी? अगर नहीं, तो किसने दी थी? 2. सादे कपड़ों में छात्रों पर लाठियाँ बरसाते हुए जो लोग दिखे, क्या वे पुलिसकर्मी हैं या वॉलंटियर? उनकी तैनाती की मंज़ूरी किसने दी थी?”
छात्रों को मारने का आदेश किसने दिया? pic.twitter.com/NDwfka1UqO
पढ़ें :- हिन्दुवादी नेता सत्यम पंडित ने जंतर-मंतर जा रहे छात्रों को पीटा और गालियां दी, अखिलेश यादव और CJP ने की कार्रवाई की मांग
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 26, 2026
कांग्रेस नेता ने अपने पत्र में लिखा है- “किसी भी लोकतंत्र के लिए शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन बहुत ज़रूरी है। प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा करना और बातचीत के ज़रिए उनकी शिकायतों का समाधान करना सरकार की ज़िम्मेदारी है। इस तरह की बर्बर हिंसा हर नियम को तोड़ती है और इसने देश को आक्रोशित कर दिया है। देश का भविष्य माने जाने वाले युवा और छात्र जवाब और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उनकी आवाज़ सुनी जाएगी।”