लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार की नीतियों का असर अब खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में ‘पदक लाओ, पद पाओ’ जैसी पहल के जरिए खिलाड़ियों को सिर्फ सम्मान और पुरस्कार ही नहीं, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकारी नौकरी का मौका भी दिया जा रहा है।
पढ़ें :- यूपी में मिठाई की दुकानों पर नया नियम लागू, अब ट्रे पर लिखनी होगी ‘Use By Date’
मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार पिछले साढ़े नौ वर्षों में विशेष जोर दिया गया है। गांवों में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, जिला स्तरीय स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज लगातार विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा खेल प्रतिभाओं के लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को भी अहम केंद्र के तौर पर विकसित किया गया है।
पदक जीतने पर नौकरी का अवसर
बता दें कि योगी सरकार की इस खेल नीति में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में सीधे नियुक्ति देने का प्रावधान है। मार्च 2026 में क्रिकेटर रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी और हॉकी खिलाड़ी राज कुमार पाल को DSP पद पर नियुक्ति कराई गई थी। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों को भी सरकारी नियुक्तियां और नकद पुरस्कार दिए गए।
इस नीति से खिलाड़ियों के सामने करियर को लेकर बनी अनिश्चितता कम हुई है, ऐसा सरकार का दावा है। खिलाड़ी अब खेल को केवल पदक और पहचान हासिल करने का जरिया नहीं, बल्कि भविष्य में सम्मानजनक करियर के रास्ते के रूप में भी देख रहे हैं।
पढ़ें :- यूपी पुलिस में 32,679 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी, अभ्यर्थी यहां पर देख सकेंगे नतीजे
खेल सुविधाओं का भी हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री के कथनानुसार, सरकार का लक्ष्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराना है। गांव से लेकर जिला स्तर तक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के साथ ही प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इसका असर एथलेटिक्स, जूडो, क्रिकेट, हॉकी और कुश्ती जैसे विभिन्न खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन, उनकी उपलब्धियों को सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षा देना ही ‘पदक लाओ, पद पाओ’ मॉडल का उद्देश्य है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में खेलों को लेकर बदलती नीतियां अगामी वर्षों में राज्य को देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।