Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आंबेडकर सम्मान पर योगी का बड़ा ऐलान, प्रतिमाओं पर ‘छत्र’ और पार्कों का होगा सुंदरीकरण

आंबेडकर सम्मान पर योगी का बड़ा ऐलान, प्रतिमाओं पर ‘छत्र’ और पार्कों का होगा सुंदरीकरण

By Harsh 
Updated Date

योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में कई बड़े और दूरगामी ऐलान किए। गोरखपुर के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर बाबा साहेब की विरासत को और भव्य रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में जहां-जहां बाबा साहेब की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां उनके ऊपर ‘छत्र’ लगाया जाएगा। साथ ही जिन पार्कों में उनकी मूर्तियां हैं, वहां बाउंड्री वॉल का निर्माण और पूरे परिसर का सुंदरीकरण कराया जाएगा। सीएम योगी ने यह भी कहा कि केवल आंबेडकर ही नहीं, बल्कि महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाओं के आसपास भी साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा।

पढ़ें :- सीजेपी का कल देशव्यापी प्रदर्शन, एवरी डिस्ट्रिक्ट, वन डे, वन डिमांड का संदेश

जयंती पर चलेगा विशेष अभियान

आगामी आंबेडकर जयंती के मौके पर भाजपा ने व्यापक कार्यक्रम तय किए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 अप्रैल को प्रदेशभर में बूथ स्तर पर आंबेडकर प्रतिमाओं और पार्कों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता खुद सफाई कर इन स्थलों को स्वच्छ बनाएंगे। 14 अप्रैल को जयंती के दिन सभी प्रतिमाओं पर भव्य पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। सीएम ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस अभियान की तस्वीरें और सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करें, ताकि यह संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।

पदयात्रा से घर-घर पहुंचेगा संदेश

स्थापना दिवस से लेकर 14 अप्रैल तक कार्यकर्ताओं को पदयात्रा निकालने का निर्देश भी दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुबह या शाम 1 से 2 किलोमीटर की पदयात्रा कर ‘डबल इंजन’ सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह गंदगी बीमारी फैलाती है, उसी तरह ‘राजनीतिक गंदगी’ भी समाज को नुकसान पहुंचाती है, जिसे साफ करना जरूरी है।

पढ़ें :- Video-मीडिया ने प्रियंका गांधी से सदन क्यूं नहीं चल रहा है का दागा सवाल? तो कहा आपने धर्मेंद्र प्रधान से पूछा कब देंगे इस्तीफा, सरकार के ट्रैप से निकलिए बाहर

विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्ष पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि भाजपा देश की विरासत का सम्मान करती है और उसका अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि संगठन जितना बड़ा होगा, चुनौतियां भी उतनी ही बढ़ेंगी, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता हर चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

Advertisement