नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए कल मतदान होगा। इससे पहले BSP सुप्रीमो मायावती ने एक्स पर लिखा कि, आम चुनाव में कल मतदान के पहले चरण से ही, पहले मतदान, फिर जलपान के संकल्प के साथ अपने वोट के बहुमूल्य संवैधानिक अधिकार का निर्भय होकर इस्तेमाल करके देश में ग़रीबों, मेहनतकशों, वंचितों की बहुजन-हितैषी सरकार चुनें, यही पुरज़ोर अपील।
पढ़ें :- T20 WC 2026 : सूर्या 'सेना' के आगे पाकिस्तान ने किया सरेंडर, कोलंबो में भारत ने 61 रनों से चटाई धूल
इसके साथ ही लिखा, परमपूज्य बाबासाहेब डा भीमराव अम्बेडकर के अनुपम संविधान के तहत बिना किसी भेदभाव के एक वोट का मिला अधिकार ऐसी लोकतांत्रिक शक्ति है जिसके जरिए सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करके गरीब, कमजोर व उपेक्षित लोग अपना उद्धार खुद करने योग्य बनकर अपनी गरीबी व लाचारी का जीवन दूर कर सकते हैं।
इसीलिए वोट के अधिकार की रक्षा पूरे जी-जान से करनी है। सावधान रहें आपका कोई वोट खरीदा न जा सके। लूटा न जा सके। कोई वोट पड़ने से न रह जाए तथा धनबल, मन्दिर-मस्जिद आदि के नाम पर आपके वोट का गलत इस्तेमाल न हो। वोट जरूर डालें। यही सबसे बड़ा कर्तव्य व बाबा साहेब को श्रद्धांजलि।
साथ ही लिखा, निर्वाचन आयोग ने यह लोकसभा चुनाव ’स्वतंत्र, निष्पक्ष, सहभागी, सुगम, समावेशी, पारदर्शी व शान्तिपूर्ण तरीके से संचालन के लिए तैयारियों’ का आश्वासन देश को दिया है, जिसपर खरा उतरने के लिए ख़ासकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग व रूलिंग पार्टी द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन रोकना जरूरी।