Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. 26/11 मुंबई आतंकी हमले के पूरे हुए 18 साल, राष्ट्रपति मुर्मू से लेकर अमित शाह और जयशंकर ने दी श्रद्धांजलि, देश ने शहीदों को किया नमन

26/11 मुंबई आतंकी हमले के पूरे हुए 18 साल, राष्ट्रपति मुर्मू से लेकर अमित शाह और जयशंकर ने दी श्रद्धांजलि, देश ने शहीदों को किया नमन

By Sushil Sah 
Updated Date

नई दिल्ली/मुंबई। आज यानी 26 नवंबर 2026 को मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी है। आज भी हमारे वतन के आवाम की जेहन में 26 नवंबर 2008 की वह खौफनाक रात की यादें ताजा है, जब समुद्री रास्ते के जरिए आए 10 आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर एक साथ हमला कर दिया था। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी और 300 से ज्यादा लोग घायल भी हुए थे। हमले में आम नागरिकों के साथ पुलिस और सुरक्षा बलों के कई जवान भी शहीद हुए थे।

पढ़ें :- पढ़े-लिखे युवाओं का काला कारोबार, MBA और BTech डिग्रीधारी निकले अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा

राष्ट्रपति मुर्मू और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीदों और हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को 26/11 की बरसी पर याद किया। उन्होंने सुरक्षा बलों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आतंकवाद किसी देश के लोगों की जिंदगी को नुकसान पहुंचा सकता है, लेकिन साहस, करुणा और एकजुटता से भरे राष्ट्र की भावना को नहीं तोड़ सकता।

इस शहादत को याद करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने भी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और आतंकियों का मुकाबला करते हुए शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों के साहस को सलाम किया। वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ लड़ने और इसमें शामिल लोगों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की बात उन्होंने दोहराई।

मुंबई में विशेष स्मृति कार्यक्रम

पढ़ें :- कुलगाम में CRPF चौकी पर हमले से पहले उमर निसार डार और LeT के कमांडर लतीफ भट ने कई जगहों पर की थी रेकी, CCTV फुटेज आया सामने

इस 18वीं बरसी के मौके पर मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड यानी NSG की ओर से ‘#NEVEREVER’ थीम के तहत स्मृति और संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें शहीदों और पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके परिवारों और हमले में जीवित बचे लोगों को सम्मानित करने की योजना है। आपको बता दें कि इस कार्यक्रम में मोमबत्तियों से ‘लिविंग मेमोरियल’ भी तैयार किया गया है।

क्या हुआ था 26 नवंबर 2008 को?

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 26 नवंबर 2008 की रात लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने समुद्र के रास्ते मुंबई में घुसकर ताज होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), नरीमन हाउस और लियोपोल्ड कैफे समेत कई स्थानों को अपना निशाना बनाया था। इसके अलावा इन आतंकियों ने गोलीबारी और बंधक बनाने जैसी घटनाओं को भी अंजाम दिया। वहीं भारतीय सुरक्षाबलों का अभियान 29 नवंबर 2008 तक चला। इस अभियान में नौ आतंकी मारे गए, जबकि अजमल आमिर कसाब (Ajmal Amir Kasab) को जिंदा पकड़ा गया था। बाद में कसाब को दोषी ठहराया गया और 21 नवंबर 2012 को फांसी दी गई।

इसके अलावा इस हमले में मुंबई पुलिस के हेमंत करकरे, अशोक कामटे, विजय सालस्कर और NSG के मेजर संदीप उन्नीकृष्णन समेत कई बहादुर जवानों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। आज 18 साल बाद भी 26/11 की बरसी देश को उन निर्दोष लोगों की याद दिलाती है, जिन्होंने इस आतंकी हमले में अपने प्राणों की आहुति दी। साथ ही यह दिन आतंकवाद के खिलाफ सतर्कता और एकजुटता बनाए रखने के संकल्प को भी दोहराता है।

पढ़ें :- अजित पवार प्लेन क्रैश मामला फिर गरमाया, CBI जांच की मांग तेज करने के लिए फडणवीस ने अमित शाह से लगाई गुहार
Advertisement