Gold Scam: शादी-ब्याह का सीजन आते ही सोने की खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप भी गहने खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो जरा सावधान हो जाइए। बाजार में सोने की शुद्धता के साथ कथित तौर पर ऐसा खेल किया जा रहा है, जिसे पकड़ना भी आसान नहीं है। दावा है कि सोने में चीन से आने वाला खास पाउडर मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है और ग्राहकों को कम शुद्धता वाला सोना ज्यादा कैरेट बताकर बेचा जा रहा है।
पढ़ें :- अमेरिका में गुजराती युवक गिरफ्तार : बुजुर्गों से लाखों डॉलर की धोखाधड़ी का आरोप, हो सकती है 20 साल की जेल
मीडिया की एक इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ कारोबारी सोने में रेनियम नाम की दुर्लभ और भारी धातु का पाउडर मिला रहे हैं। इसका घनत्व काफी ज्यादा होता है, इसलिए इसे मिलाने से सोने का वजन बढ़ जाता है। रिपोर्ट में चीन के शेनझेन में मौजूद एक एजेंट के हवाले से दावा किया गया है कि वहां से भारत के कई शहरों में इस पाउडर की सप्लाई हो रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं ने मुंबई के एक डीलर के जरिये एक ग्राम रेनियम पाउडर का सैंपल हासिल किया और राजस्थान के जोधपुर में एक जौहरी के साथ मिलकर एक प्रयोग किया। मिश्रण तैयार होने के बाद उसका कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया। जांच में इसे 24 कैरेट सोना बताया गया। इसके बाद जौहरी ने इसमें एक अन्य धातु मिलाकर 22 कैरेट के गहने तैयार किए। इस मिश्रण में शुद्ध सोने की मात्रा सिर्फ 81.73 प्रतिशत ही रह गई, जो लगभग 20 कैरेट के बराबर है। जबकि असली 22 कैरेट सोने में 91.6 प्रतिशत शुद्ध सोना होना जरूरी है।
चिंता की बात यह है कि रिपोर्ट के अनुसार, यह मिश्रण कुछ जांचों में भी पास हो गया। वहीं, इंदौर के सर्राफा कारोबारियों ने रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं से मिलावट की आशंका जताई है। यानी अब सोना खरीदते समय सिर्फ वजन और कैरेट के दावे पर भरोसा करना काफी नहीं है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के तरीके भी अहम हैं।