नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। आम आदमी पार्टी की तरफ से चुनाव को लेकर प्रचार भी किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल की तरफ से लगातार कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा पर निशाना साधा जा रहा है। शनिवार को उन पर हमले की भी कोशिश की गयी थी। इसको लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए थे। इन सबके बीच अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में गठबंधन को लेकर बड़ा एलान किया है।
पढ़ें :- हूती विद्रोहियों के निशाने पर पाकिस्तान, सऊदी अरब के चक्कर में बुरा फंसा!
दरअसल, आम आदमी पार्टी भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं होगा। आम आदमी पार्टी दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेगी। दरअसल, इसकी आशंका काफी पहले से थी कि, दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अलग अलग चुनाव लड़ेगी।
बता दें कि, अरविंद केजरीवाल इन दिनों दिल्ली के विभिन्न इलाके में पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि, जल्द ही दिल्ली में विधानसभा चुनाव का एलान हो जाएगा। बीते दिनों अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उन्होंने कहा था कि, अगर जनता उन्हें चुनेगी तो फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने आतिशी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया था।