बिहार। जमुई के बाद अब समस्तीपुर में एक और युवती से बदसलूकी का मामला सामने आया है। यहां सड़क किनारे फोटो लेने के लिए रुकी एक युवती को कुछ युवकों ने कथित तौर पर घेर लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पढ़ें :- बेंगलुरु से 160 बांग्लादेशी नागरिकों को किया गया डिर्पोट, अवैध रूप से रहने वालों पर बड़ी कार्रवाई
बता दें कि मामला समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के पास बाईपास रोड का बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवती एक युवक के साथ वहां पहुंची थी और सड़क किनारे रुककर फोटो ले रही थी। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया। ये भी आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती युवकों की हरकतों का विरोध करती दिखाई दे रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, युवक उससे उसका नाम और पता पूछते नजर आए। आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उसके साथ गलत तरीके से छूने और सड़क पर खींचने जैसी हरकत भी की गई। बता दें कि घटना के समय मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। बाद में वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जमुई जिले के बाद अब समस्तीपुर जिले में बीच सड़क पर हैवानियत का नंगा नाच
यहां भी कुछ हवसी एक लड़की पर टूट पड़े और उसके साथ जमकर बदसलूकी की है।
पूरा मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड की है जहाँ बेखौफ मनचलों ने जमुई जैसी घटना को अंजाम दिया।… pic.twitter.com/48EISlW76K— IBNE HASAN ZAIDI (@ibne_zaidi) September 24, 2026
पढ़ें :- IIT बॉम्बे सुसाइड केस, साहिल वाकोडे के माता-पिता से राहुल गांधी की बातचीत, हर संभव मदद का भरोसा
वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान शुरू की और चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले की जांच और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता, घटना में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कुछ दिन पहले ही जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था। समस्तीपुर की घटना के सामने आने के बाद बिहार में सार्वजनिक स्थानों पर लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठते नजर आ रहे हैं। हालांकि, समस्तीपुर मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।