नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। इससे पहले ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को बड़ा झटका लगा है। टीएमसी की राज्यसभा सांसद मौसम बेनजीर नूर कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। दरअसल, मौसम नूर कांग्रेस से ही टीएमसी में आईं थीं। ऐसे में कहा जा रहा है कि, उन्होंने घर वापसी कर ली है।
पढ़ें :- TMC लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगी,बीजेपी और कांग्रेस ने जारी किया व्हिप
मौसम नूर मालदा के खान चौधरी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस को संगठनात्मक रूप से मजबूती मिलेगी। वहीं मुस्लिम इलाकों में कांग्रेस का हौसला भी बढ़ेगा। बता दें कि, मौसम नूर कांग्रेस मुख्यालय में जयराम रमेश, पश्चिम बंगाल के प्रभारी गुलाम अहमद मीर समेत अन्य नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुईं।
नूर का राज्यसभा का कार्यकाल इसी साल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। उनके पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव मालदा से लड़ने की संभावना है। वह 2009 से 2019 तक कांग्रेस पार्टी से मालदा से दो बार लोकसभा सदस्य रही हैं। वह 2019 में कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गयीं थीं और तृणमूल के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2020 में पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में भेजा था।