Ayodhya Ramlala Sugam Pass : सनातन धर्म के प्रमुख तीर्थ धाम अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। श्रद्धालुओं को अब सुगम दर्शन पास के लिए अंतिम समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके तहत श्रद्धालु दर्शन की तारीख से 90 दिन पहले तक पास के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पढ़ें :- दशहरे के दिन शमी के पेड़ की पूजा करना माना जाता है महाशुभ, जानें पौराणिक मान्यताएं
वहीं, सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन उपलब्ध ऑनलाइन पास की संख्या भी 975 से बढ़ाकर 2000 कर दी गई है। इससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुगमता होगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम दर्शन पास और आरती पास पूरी तरह मुफ्त जारी किए जाते है। ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि के दिशानिर्देशों और सीईओ जितेंद्र मिश्र, आईटी विभाग व ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह नई व्यवस्था अगले सप्ताह से लागू होने जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पास कुल 7 चरणों में यानी यात्रा से 90, 62, 30, 14, 7, 3 और 1 दिन पहले ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।
इसके लिए आधिकारिक पोर्टल प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 5:30 बजे के बीच यानी आधे घंटे के लिए खुलेगा. तत्काल कोटे के तहत निर्धारित पास उपलब्ध रहने तक ही बुकिंग की जा सकेगी।
पढ़ें :- Dussehra 2026 : दशहरे के दिन ये काम करना माना जाता है शुभ, जानें पौराणिक मान्यताएं
राम मंदिर ट्रस्ट ने सामाजिक सरोकार और विशेष श्रेणी के श्रद्धालुओं का पूरा ख्याल रखा है. इसके तहत आरक्षित श्रेणियों के तहत दिव्यांगजनों और 65 वर्ष से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कोटे और प्राथमिकता का प्रावधान किया गया है, जिससे उन्हें लंबी कतारों में न खड़ा होना पड़े।