Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. गंगा जल संधि पर बांग्लादेश का बदला रुख, नया समझौता छोड़ 1996 की संधि के रिन्यूअल के लिए तैयार, भारत के फैसले का इंतजार

गंगा जल संधि पर बांग्लादेश का बदला रुख, नया समझौता छोड़ 1996 की संधि के रिन्यूअल के लिए तैयार, भारत के फैसले का इंतजार

By Sushil Sah 
Updated Date

नई दिल्ली। गंगा जल बंटवारे को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। 30 साल पुरानी गंगा जल संधि की अवधि समाप्त होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। बांग्लादेश ने इसी बीच अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं। पहले बांग्लादेश की ओर से मौजूदा संधि की जगह नया समझौता करने और पानी की न्यूनतम उपलब्धता की गारंटी देने वाली शर्त शामिल करने की मांग उठाई जा रही थी। लेकिन ढाका अब मौजूदा संधि के रिन्यूअल यानी नवीनीकरण की दिशा में आगे बढ़ने को तैयार दिखाई पड़ रहा है। हालांकि, इसे अभी दोनों देशों के बीच हुए किसी अंतिम समझौते या औपचारिक सहमति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

पढ़ें :- IND vs BAN Series : भारत-बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित व्हाइट-बॉल सीरीज पर उच्चतम स्तर की बातचीत जारी, सरकार की मंजूरी का इंतजार

12 दिसंबर 2026 को खत्म हो रही है संधि

गंगा जल बंटवारे को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच 12 दिसंबर 1996 को 30 साल की संधि हुई थी। बता दें कि इस समझौते पर तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हस्ताक्षर किए थे। बता दें कि इस संधि के तहत पश्चिम बंगाल के फरक्का बैराज पर गंगा के पानी का बंटवारा किया जाता है। विशेष तौर पर जनवरी से मई के शुष्क मौसम में पानी के वितरण के लिए इसमें व्यवस्था बनाई गई है। बता दें कि अब यह संधि 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होने वाली है। ऐसे में दोनों देशों के बीच इसके भविष्य को लेकर बातचीत महत्वपूर्ण हो गई है।

पहले नया समझौता और गारंटी क्लॉज चाहता था बांग्लादेश

बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदुद्दीन चौधरी अनी ने सितंबर 2026 में कहा था कि उनका देश पुरानी संधि को सिर्फ आगे बढ़ाने के बजाय नया समझौता चाहता है। बांग्लादेश की प्रमुख मांग थी कि नए समझौते में गारंटी क्लॉज शामिल किया जाए, जिससे कम पानी उपलब्ध होने की स्थिति में भी उसे निर्धारित मात्रा में पानी मिलने का भरोसा रहे। बांग्लादेश का तर्क था कि 1977 के जल समझौते में ऐसी गारंटी का प्रावधान था, जबकि 1996 की संधि में इसे उसी रूप में शामिल नहीं किया गया।

पढ़ें :- देश के पहले राजनेता राजनयिक: दिनेश त्रिवेदी खुद अपना बैग उठाकर पहुंचे बांग्लादेश, संभाला उच्चायुक्त का कार्यभार

अब क्या है बांग्लादेश का नया रुख?

आज यानी 23 नवंबर की रिपोर्टों के मुताबिक, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के वित्त एवं योजना सलाहकार और गंगा जल समझौते से जुड़ी 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख राशेद अल महमूद तितुमीर ने कहा है कि बांग्लादेश ने संधि से संबंधित अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत की राजनीतिक नेतृत्व व्यवस्था मौजूदा संधि की अवधि समाप्त होने से पहले औपचारिक बातचीत शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। इससे यह संकेत मिलते हैं कि बांग्लादेश नई संधि पर फिलहाल अड़ने के बजाय मौजूदा समझौते को रिन्यू करने का विकल्प भी स्वीकार करने को तैयार है। हालांकि, गारंटी क्लॉज की मांग पूरी तरह छोड़ने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

भारत-बांग्लादेश की बैठक में क्या हुआ?

रिर्पोट के मुताबिक, 21 से 23 नवंबर के बीच ढाका में भारत और बांग्लादेश के संयुक्त नदी आयोग (Joint Rivers Commission) की 91वीं संयुक्त समिति की बैठक हुई।बता दें कि इस बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने 2026 की वार्षिक कार्यान्वयन रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया। लेकिन अहम बात यह है कि इस बैठक में संधि के नवीनीकरण या नए समझौते पर औपचारिक बातचीत नहीं हुई। इसमें भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शरद चंद्र ने किया। वहीं बांग्लादेश की तरफ से एमडी अनवर कादिर ने प्रतिनिधित्व किया।

भारत के सामने भी हैं कई चुनौतियां

पढ़ें :- गंगा जल तय करेगा बांग्लादेश-भारत के साथ अच्छे रिश्तों का भविष्य, आने वाले महीनों में पानी की राजनीति दोनों देशों में बन सकती है बड़ा मुद्दा

गंगा जल संधि को आगे बढ़ाने के फैसले में भारत के लिए भी कई अहम मुद्दे हैं। पश्चिम बंगाल और बिहार की पानी की जरूरतों को ध्यान में रखना बहुत जरूरी है। इसके अलावा बदलते मौसम, नदी में पानी के प्रवाह और कृषि एवं औद्योगिक जरूरतों को लेकर भी नए सिरे से विचार किया जा रहा है। बता दें कि भारत ने जुलाई 2023 में संधि की समीक्षा के लिए अंतर-मंत्रालयी समिति गठित की थी। इसमें पश्चिम बंगाल और बिहार के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया था।

अब आगे क्या होगा?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारत 12 दिसंबर से पहले संधि के नवीनीकरण पर औपचारिक बातचीत शुरू करेगा या दोनों देश किसी अंतरिम व्यवस्था पर सहमत होंगे। गौरतलब है कि 1996 की संधि में स्वतः नवीनीकरण का प्रावधान नहीं है। इसके अनुच्छेद 12 के मुताबिक, इसे दोनों देशों की आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकता है। इसलिए बांग्लादेश के रुख में नरमी के बावजूद अंतिम फैसला भारत और बांग्लादेश की सरकारों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक सहमति पर निर्भर करेगा।

Advertisement