Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. देहरादून में भाजपा नेता की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या से भारी बवाल, आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर

देहरादून में भाजपा नेता की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या से भारी बवाल, आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर

By Harsh Gautam 
Updated Date

देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में पानी के मामूली विवाद ने खूनी सांप्रदायिक रूप ले लिया। यहां शनिवार शाम मुस्लिम समाज के दर्जनों लोगों ने एकजुट होकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद के घर पर लाठी-डंडों और हथौड़ों से धावा बोल दिया। इस जानलेवा हमले में हथौड़े के वार से विनोद की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनके भाइयों अशोक, राजेश और भाभी सुषमा को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर 12 नामजद और करीब 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पढ़ें :- बांदा में थाने के अंदर पिता ने बेटी को चाकू से गोदा, लव मैरिज से था नाराज

भाजपा नेता की हत्या की खबर फैलते ही गांव में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। उग्र हिंदू संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों पर पथराव करते हुए जमकर तोड़फोड़ की और उनका कुछ सामान भी फूंक दिया। हालात बेकाबू होते देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। इस बीच, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बुलडोजर लेकर आरोपियों के गांव पहुंचे, जहां अवैध निर्माणों को चिन्हित करने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की सख्त कार्रवाई की है।

मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले इम्तियाज के खेत में पानी लगाने को लेकर उनका पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार शाम इसी रंजिश में रज्जाक, इम्तियाज, अमन और युनुस समेत करीब 35-40 लोग हथौड़े, बेलचे और लाठियां लेकर उनके घर में घुस गए और पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल गांव में एहतियातन भारी सुरक्षा बल तैनात है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Advertisement