बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के मांडू गंगा घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे पांच लोग गंगा नदी में स्नान के दौरान डूब गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में मातम का माहौल छा गया। जानकारी के अनुसार, सभी लोग देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कुछेजा के रहने वाले थे। वे अपने एक परिजन के अंतिम संस्कार के लिए मांडू गंगा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी लोग गंगा में स्नान करने उतरे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी की तरफ चले गए और देखते ही देखते नदी में डूबने लगे।
पढ़ें :- विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में 157वें नंबर पर फिसला भारत , पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका भी हमसे आगे!
घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की। स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बचाव का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण किसी को बाहर नहीं निकाला जा सका। कुछ ही पलों में पांचों लोग पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रशासन लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है ताकि डूबे लोगों का पता लगाया जा सके।
इस हादसे की खबर जैसे ही गांव कुछेजा पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ पांच लोगों के डूबने की सूचना से परिवारों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मांडू गंगा घाट की ओर रवाना हो गए। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।