भुवनेश्वर। ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसकी वजह से शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। 22 जुलाई बुधवार देर रात बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार में चल रही महिंद्रा एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक गहरे तालाब में जा गिरी। इस हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। जबकि दो लोगों को गंभीर हालत में बचा लिया गया है।
पढ़ें :- यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर रूसी मिसाइल हमले में केरल के नाविक 'अखिल जोयन' सहित चार भारतीयों की मौत, दो महीने बाद होनी थी 'अखिल' की शादी
रफ्तार का कहर और सेंट्रल लॉक बनी काल
स्थानीय पुलिस और मौका ए वारदात पर मौजूद लोगों के अनुसार, यह हादसा ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के तहत इंदुपुर-छाटिया गांव के पास घटित हुआ। जब बांगुरसिंह गांव से कई वाहनों में सवार होकर बाराती इंदुपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे तभी रात के अंधेरे में छाटिया के पास एक तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे तालाब के गहरे पानी में घुस गई। जैसे ही कार पानी में गिरी उसका डिजिटल डोर लॉक हो गया। दरवाजे न खुलने के कारण कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और दम घुटने व पानी भरने से पांच दोस्तों की मौत मौके पर ही हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
इस हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। चश्मदीदों ने बताया कि चार से पांच ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को कांच तोड़कर जीवित बाहर निकाला। हालांकि, बाकी पांच को जब तक बाहर निकाला गया, तब तक वे मर चुके थें। इदस घटना की सूचना मिलते ही ढेंकानाल सदर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्रेन व ट्रैक्टर की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया। साथ ही दोनों घायलों को बेहद नाजुक हालत में ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें :- नागालैंड में बाढ़ और भूस्खलन ने मचाया तांडव, नौ लोगों की मौत, बहुत से घर मलबे में तब्दील
मृतकों की हुई पहचान
आपको बता दें कि इस दुर्घटना का शिकार हुए सभी युवक आपस में गहरे दोस्त थे और बांगुरसिंह गांव के रहनेवाले थे। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय राम साहू, 26 वर्षीय अविनाश साहू, 25 वर्षीय राकेश कुमार साहू, 27 वर्षीय चंद्रकांत स्वाईं और दूल्हे का मौसेरा भाई अभिजीत साहू के रूप में की गई है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल, ढेंकानाल सदर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरूआती जांच के आधार पर हादसा तेज रफ्तार या मोड़ पर चालक को झपकी आने के कारण हुआ प्रतीत होता है। इसके अलावा इस हादसे की सटीक वजह जानने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।