लखनऊ। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सीटों के बंटवारे पर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का शुरुआती प्रस्ताव दिए जाने के बाद दोनों दलों के बीच का मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। कांग्रेस इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं है और इससे अधिक सीटों की मांग कर रही है। अब दोनों पार्टियों के बीच 27 नवंबर को एक बार फिर बातचीत होने की संभावना है।
पढ़ें :- कांग्रेस को अपमान का घूंट पीने की आदत पड़ गई है, तभी तो एक तरफ वार्ता चल रही है और दूसरी तरफ सपा टिकट वितरण कर रही: पंकज चौधरी
26 सीटों के प्रस्ताव पर क्यों नाराज है कांग्रेस?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने बीते 24 नवंबर को कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की जानकारी दी थी। इस प्रस्ताव में कांग्रेस की 2022 विधानसभा चुनाव में जीती गई दो सीटें, चार ऐसी सीटें जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी और 20 अन्य सीटें शामिल बताई गईं। इन अन्य सीटों पर सपा के अनुसार उसके वोट कांग्रेस से काफी ज्यादा थे।
फिलहाल कांग्रेस की ओर से इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के संकेत नहीं मिले हैं। आज यानी 26 नवंबर को प्रकाशित द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में शामिल दल साझेदार होते हैं, भिखारी नहीं। इसके अलावा उन्होंने सपा की ओर से बातचीत के बीच पांच उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस 100 से ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ी
पढ़ें :- Owaisi-Chandrashekhar Azad Rally : दलित का बेटा बनेगा सीएम, अब्दुल बनेगा डिप्टी सीएम, ओवैसी बोले- अब मोदी और योगी के दिन खत्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस ने शुरूआत में करीब 181 सीटों की मांग रखी थी। बाद में बातचीत के दौरान उसने 100 से 120 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी के सामने रखी। हालांकि, ये सीटों के आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों पर आधारित हैं। अभी दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अभी कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है। साथ ही कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी 26 सीटों के फॉर्मूले को अंतिम मानने से मना किया है। उनका कहना है कि दोनों पार्टियों के बीच सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर अभी चर्चा चल रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि इसकी अंतिम जानकारी सम्मानजनक समझौते के बाद ही दी जाएगी।
27 नवंबर की बातचीत पर टिकी नजरें
अब 27 नवंबर 2026 को होने वाली अगली बैठक अहम मानी जा रही है। इस बैठक में दोनों दल सीट-दर-सीट समीकरण, उम्मीदवारों की जीतने की संभावना और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा कर सकते हैं। फिलहाल गठबंधन टूटने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अभी दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।