Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। विपक्षी इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर अभी पेंच फंसा हुआ है। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ता दिख रहा है।
पढ़ें :- नहीं रहे 'CID' और 'आहट' के निर्माता BP सिंह, 77 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
टीएमसी की तरफ से सभी सीटों पर लड़ने का इशारा किया जा चुका है। इन सबके बीच टीएमसी के राज्य महासचिव कुणाल घोष का अहम बयान आया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस को जमीनी हकीकत के आधार पर सीट बंटवारे की बात करनी चाहिए।
पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग के सवाल पर कुणाल घोष ने कहा कि, कांग्रेस की राज्य इकाई यहां टीएमसी पर हमला कर रही है और बीजेपी को ऑक्सीजन दे रही है। हम सभी 42 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, कांग्रेस को जमीनी हकीकत के आधार पर सीट बंटवारे पर बात करनी चाहिए लेकिन वे दबाव की राजनीति कर रहे हैं। अंतिम फैसला सीएम ममता बनर्जी लेंगी।
बता दें कि, इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर घमासान मचा हुआ है। कई राज्यों में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ है। यूपी में भी कांग्रेस और सपा के बीच अभी सीट बंटवारा नहीं हो पाया है।