नई दिल्ली। कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक शुरू हो गयी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत अन्य दिग्गज नेता बैठक में पहुंचे हैं। सीडब्ल्यूसी की बैठक में पहुंचे कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, बेलगावी में 100 साल पहले कांग्रेस का 39वां अधिवेशन हुआ था। उस अधिवेशन की अध्यक्षता महात्मा गांधी जी ने की थी। ये ऐतिहासिक जगह है। अब यहां ‘नव सत्याग्रह बैठक’ होगी। आज सत्ता में बैठे लोग देश में झूठ फैला रहे हैं। उनका काम सिर्फ संविधान का अपमान करना, लोकतंत्र को कमजोर करना रह गया है। इसीलिए, आज देश को नव सत्याग्रह की जरूरत है।
पढ़ें :- लेखपाल भर्ती में आरक्षण विसंगति पर फूटा सीएम योगी का गुस्सा, बोले- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त...
वहीं, कांग्रेस के सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा, मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी को बधाई देता हूं। 26 दिसंबर, 1924 को कांग्रेस पार्टी का सम्मेलन हुआ था। आज उसे 100 साल पूरे हो रहे हैं। उस दिन को याद करते हुए बेलगावी में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई गई है। उस समय देश में ऐसी ताकतें थीं जो लोगों को लड़ाती थीं, आज भी वही विचारधारा पूरे देश पर काबिज है।
उन्होंने कहा, राहुल जी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा निकाली थी, जिसमें नारा दिया गया था ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’। आज हम उसी नफरत के खिलाफ बेलगावी में महात्मा गांधी जी के संदेश को जन-जन तक ले जाने के लिए एकत्रित हुए हैं।
पवन खेड़ा ने कहा, कुछ लोगों को लगता है कि गांधी इस देश के अतीत हैं। लेकिन गांधी देश के अतीत कभी नहीं हो सकते, क्योंकि गांधी हमारे अतीत, वर्तमान और भविष्य हैं। गांधी इस देश की भौगोलिक सीमाओं से कहीं ऊपर हैं। गांधी ऐसी शख्सियत हैं कि दुनिया में लोग उन्हें अपना Moral compass मानते हैं। ये हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि महात्मा गांधी जी ने भारत में जन्म लिया।