Dev Deepawali 2026 : आज कार्तिक पूर्णिमा को काशी (वाराणसी) में देव दीपावली का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। देव दीपावली पर बनारस के घाटों पर इस और उस पार रेत पर कुल मिलाकर 11 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाने की योजना है। इस दौरान विशेष ड्रोन शो और चेत सिंह घाट पर लेजर शो की भव्यता देखने वाली होगी। गंगा किनारे शाम 7:20 बजे से 7:45 बजे तक चेतसिंह किले की प्राचीर पर 25 मिनट की शिव तांडव स्तोत्र और गणेश वंदना की विशेष प्रस्तुति होगी।
पढ़ें :- काशी में भव्य देव दीपावली की तैयारी : प्रमुख घाटों पर 11 लाख दीये होंगे प्रज्ज्वलित, लेजर और ड्रोन शो का आयोजन
जानकारी के अनुसार, आज शाम भगवान शिव की नगरी काशी में दीप प्रज्वलन शाम 5:15 से 5:45 बजे होगा। मां गंगा के दोनों तट पर एक ओर अर्धचंद्राकार घाट दीपों की माला पहनकर अलौकिक छटा बिखेरेंगे, तो दूसरी ओर गंगा पार रेती पर आसमान सतरंगी रोशनी से सराबोर होगा। इसके बाद मां गंगा की आरती शाम 6:00 से 7:00 बजे तक प्रस्तावित है। इस दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, लेजर शो और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
भजन की धुन पर होने वाली ग्रीन आतिशबाजी और आकाश में आकर्षक रंग-बिरंगे दृश्य देव दीपावली के उत्सव को और भव्य बनाएंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट के ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो होगा। देव दीपावली पर सुरक्षा को ध्यान में रखकर 25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों के साथ 3,000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सीआरपीएफ, पीएसी और त्वरित कार्रवाई दल की टीमें भी सुरक्षा की ज़िम्मेदारी संभालेंगी। किसी आपात स्थिति की आशंका हो देखते हुए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं।