मुंबई। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। फिल्म की सबसे बड़ी वजह सनी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी है, जो लंबे वक्त बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देने वाली है। इसके साथ ही फिल्म की स्टारकास्ट की फीस को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।
पढ़ें :- हल्द्वानी की बेटी 'रेणु धरियाल' ने भारत के नाम किया दुनिया में सबसे लंबे बालों का 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ का बजट करीब 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे सनी देओल को सबसे ज्यादा फीस मिलने की खबर है। बताया जा रहा है कि सनी देओल ने अपने रोल के लिए करीब 60 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं। वहीं प्रीति जिंटा भी लंबे समय बाद एक दमदार लीड रोल में नजर आएंगी। रिपोर्ट्स की मानें तो उन्हें फिल्म के लिए करीब 10 करोड़ रुपये फीस मिली है। फिल्म में दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी भी अहम भूमिका निभा रही हैं, हालांकि उनकी फीस को लेकर कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।
फिल्म में अली फजल स्पेशल अपीयरेंस में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने इस भूमिका के लिए करीब 7 करोड़ रुपये फीस ली है। इसके अलावा करण देओल, कनिका कपूर और अभिमन्यु सिंह भी फिल्म का हिस्सा हैं। कहानी की बात करें तो फिल्म 1947 के विभाजन के बाद के लाहौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है और चर्चित उर्दू रचना ‘जिस लाहौर नइ वेख्या ओ जम्याइ नइ’ से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होने वाला है। ऐसे में दर्शकों की नजर न सिर्फ सनी देओल और प्रीति जिंटा की वापसी पर होगी, बल्कि दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर भी रहेगी।
रिर्पोट:
कल्पना पांडेय