Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. खेल
  3. FIFA World Cup 2026 : डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का 100 फीसदी जीत का है रिकॉर्ड, 60 साल से फाइनल में नहीं पहुंचा इंग्लैंड, जानिए अहम अपडेट्स

FIFA World Cup 2026 : डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का 100 फीसदी जीत का है रिकॉर्ड, 60 साल से फाइनल में नहीं पहुंचा इंग्लैंड, जानिए अहम अपडेट्स

By santosh singh 
Updated Date

FIFA World Cup 2026 Second Semifinals: फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल भारतीय समयानुसार बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12:30 बजे अटलांटा स्टेडियम (Atlanta Stadium) में खेला जाएगा, जहां गत चैंपियन अर्जेंटीना (Argentina)  का सामना इंग्लैंड (England)  से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम का खिताबी सफर यहीं थम जाएगा।

पढ़ें :- FIFA World Cup 2026 Final 2026 : स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा फाइनल, भारत में जानें कब और कहां देख सकते हैं मुकाबला?

यह मुकाबला कई मायनों में खास है। एक ओर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना (Argentina) को लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार विश्व चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे। दूसरी ओर इंग्लैंड की नजरें 60 साल बाद विश्व कप फाइनल में वापसी पर टिकी हैं। इंग्लैंड (England)  ने आखिरी बार 1966 में फाइनल खेला था और उसी साल अपना इकलौता विश्व कप खिताब जीता था।

 विश्व कप में 24 साल बाद आमना-सामना

विश्व कप इतिहास में अर्जेंटीना (Argentina) और इंग्लैंड (England) की टीमें 24 साल बाद आमने-सामने होंगी। दोनों के बीच पिछला मुकाबला 2002 विश्व कप में हुआ था, जिसमें इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज की थी।

दोनों देशों के बीच अब तक 14 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें इंग्लैंड ने 6 मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना (Argentina) को 3 जीत मिली है। पांच मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। वहीं विश्व कप में दोनों की यह छठी भिड़ंत होगी। पिछले पांच मुकाबलों में इंग्लैंड ने तीन और अर्जेंटीना ने दो मैच अपने नाम किए हैं।

मेसी और केन के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी उम्मीदें

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें दोनों कप्तानों पर रहेंगी। अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (Lionel Messi) टूर्नामेंट में अब तक 8 गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। वहीं इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन भी शानदार लय में हैं और छह गोल के साथ अपनी टीम के सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए हैं।

अर्जेंटीना ने अब तक नहीं गंवाया कोई मुकाबला

अर्जेंटीना ने मौजूदा विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी छह मुकाबले जीते हैं। ग्रुप चरण में टीम ने अल्जीरिया को 3-0, ऑस्ट्रिया को 2-0 और जॉर्डन को 3-1 से हराया। इसके बाद नॉकआउट दौर में काबो वर्डे को 3-2, मिस्र को 3-2 और क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

अगर अर्जेंटीना यह मुकाबला जीतती है तो वह विश्व कप इतिहास में सातवीं बार फाइनल खेलेगी। टीम इससे पहले 1978, 1986 और 2022 में चैंपियन बनी थी, जबकि 1930, 1990 और 2014 में उपविजेता रही थी।

इंग्लैंड का प्रदर्शन भी रहा दमदार

इंग्लैंड ने भी इस टूर्नामेंट में प्रभावशाली खेल दिखाया है। टीम ने छह में से पांच मुकाबले जीते, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। ग्रुप चरण में उसने क्रोएशिया को 4-2 और पनामा को 2-0 से हराया, जबकि घाना के खिलाफ मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। खेल

नॉकआउट चरण में इंग्लैंड ने कांगो डीआर को 2-1, मैक्सिको को 3-2 और क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

यदि इंग्लैंड जीत दर्ज करता है तो वह 1966 के बाद पहली बार विश्व कप फाइनल खेलेगा और 60 वर्षों के लंबे इंतजार का अंत करेगा।

सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का रिकॉर्ड अटूट

विश्व कप इतिहास में अर्जेंटीना का सेमीफाइनल रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम जब भी आधिकारिक सेमीफाइनल में पहुंची है, फाइनल में अपनी जगह बनाने में सफल रही है। अर्जेंटीना ने 1930 में अमेरिका, 1986 में बेल्जियम, 1990 में इटली, 2014 में नीदरलैंड्स और 2022 में क्रोएशिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। मौजूदा टूर्नामेंट में स्विट्जरलैंड को हराने के बाद टीम छठी बार सेमीफाइनल में पहुंची है।

वहीं इंग्लैंड चौथी बार विश्व कप सेमीफाइनल खेल रहा है। 1966 में उसने पुर्तगाल को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि 1990 में पश्चिम जर्मनी और 2018 में क्रोएशिया के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था।

संभावित प्लेइंग-11

इंग्लैंड

जॉर्डन पिकफोर्ड, काइल वॉकर, जॉन स्टोन्स, मार्क गुएही, कीरन ट्रिपियर, डेकलान राइस, कोबी मेनू, बुकायो साका, जूड बेलिंगहम, फिल फोडेन, हैरी केन।

अर्जेंटीना

एमी मार्टिनेज, नाहुएल मोलिना, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, निकोलस टैगलियाफिको, रोड्रिगो डी पॉल, एन्जो फर्नांडीज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, लियोनेल मेसी, जूलियन अल्वारेज, निकोलस गोंजालेज।

मुकाबले पर दुनिया की नजर

दो विश्व फुटबॉल महाशक्तियों के बीच होने वाला यह मुकाबला केवल फाइनल का टिकट तय नहीं करेगा, बल्कि यह भी बताएगा कि क्या मेसी अपनी टीम को लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनाने में सफल होंगे या फिर इंग्लैंड 60 साल पुराने इतिहास को बदलते हुए एक बार फिर विश्व कप फाइनल में कदम रखेगा।

Advertisement