यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। प्रमोद तिवारी के आवास पर होने वाली बैठक में इमरान मसूद, आराधना मिश्रा मोना और राजेंद्र पाल गौतम समेत कई नेता शामिल होंगे।
UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की तस्वीर साफ करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पहली अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल होंगे। खास बात यह है कि बातचीत के लिए कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का आवास चुना गया है।
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में आराधना मिश्रा मोना, इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम समेत कई नेता हिस्सा लेंगे। प्रमोद तिवारी के सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ अच्छे संबंध माने जाते हैं। ऐसे में उनके घर पर बैठक होना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बातचीत के जरिए सपा के साथ सम्मानजनक सीट बंटवारे का रास्ता निकालना चाहती है।
बैठक को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सभी दलों का मकसद सत्ता परिवर्तन करना है। इसके लिए सीटों पर समझौता किया जाएगा और गठबंधन के हित को सबसे ऊपर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘फिलहाल यह तय नहीं है कि कितनी सीटों पर सहमति बनेगी, लेकिन हमारा मकसद सत्ता बदलना है। मस्जिदों, दरगाहों पर बुलडोजर चल रहे हैं, संविधान को बदलने की कोशिश है, इसे रोकना चाहिए।
इमरान मसूद ने बीजेपी के मतदाता जोड़ो अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब चुनाव आयोग अपनी प्रक्रिया चला रहा है तो बीजेपी को अलग से अभियान चलाने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष तरीके से काम करने की नसीहत भी दी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोने की कीमतों पर दिए बयान को लेकर भी मसूद ने निशाना साधा। उन्होंने पीएम की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से करते हुए उनके पहनावे और लग्जरी जीवनशैली पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ‘पीएम को पहले अपनी ही लग्जरी का त्याग करना होगा । शास्त्री जी तो फटे कुर्ते में ही एक मीटिंग के लिए रूस गए थे।
फिलहाल सबकी नजरें सपा-कांग्रेस की इस बैठक पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि दोनों दल सीटों के बंटवारे पर कितनी सहमति बना पाते हैं।