पश्चिम चंपारण। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर से तबाही मचा कर रख दिया है। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद गंडक नदी में पानी का दबाव काफी तेजी से बढ़ा है। साथ ही वाल्मीकिनगर गंडक बराज से पानी का बहाव भी लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है।
पढ़ें :- बोकारो में फुटबॉल मैच के दौरान दर्दनाक हादसा, खिलाड़ी की अचानक मौत, मचा हड़कंप
दो दर्जन से ज्यादा गांव प्रभावित
वाल्मीकिनगर और आसपास के दियारा क्षेत्रों में गंडक के उफान का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। रोहुआ टोला, चकदहवा, झंडू टोला समेत कई गांवों में पानी प्रवेश कर गया है। वहीं रामनगर के दोन क्षेत्र की नौरंगिया दोन और बनकटवा करमहिया पंचायतों के करीब 22 गांवों का सड़क से संपर्क ही टूट गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हुई है। वहीं कई परिवारों को अपना घर छोड़कर ऊंचे स्थानों का शरण लेना पड़ा है। जबकि कुछ लोगों को नाव के जरिए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, चार गांवों में करीब 3,000 लोग प्रभावित हुए हैं।
बराज से बढ़ा पानी का बहाव
गंडक नदी में बढ़ते जलप्रवाह के बीच वाल्मीकिनगर बराज के सभी 36 गेट खोले गए हैं। बीते शनिवार को बराज से करीब 3,00,400 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी सामने आई थी। वहीं रविवार सुबह यानी आज बराज पर बहाव बढ़कर करीब 4.04 लाख क्यूसेक पहुंचने की रिपोर्ट है। इसके अलावा नेपाल के देवघाट क्षेत्र से भी भारी मात्रा में पानी आने के कारण गंडक के जलस्तर पर लगातार दबाव बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन निचले इलाकों पर नजर बनाए हुए है। साथ ही तटबंधों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
पढ़ें :- पठानकोट में महिला पुलिस अफसर पर विजिलेंस का छापा, रिश्वत मामले में हिरासत
सड़कों पर पानी, आवागमन प्रभावित
बाढ़ के कारण ग्रामीण सड़कों और संपर्क मार्गों पर पानी भर गया है। जिसकी वजह से स्कूल, बाजार, अस्पताल और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों को जरूरी सामान लाने-ले जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि दियारा इलाकों की बात करें तो वहां के खेतों में भी बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका है। साथ ही यहां के लोगों के सामने पीने के पानी, भोजन, पशुओं के चारे और सुरक्षित स्थान की चुनौती बढ़ गई है।
प्रशासन अलर्ट, निचले इलाकों में निगरानी
मौसम विभाग ने भी पश्चिम चंपारण समेत बिहार के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण गंडक समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े दलों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रभावित इलाकों में स्थिति की निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।