Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. कांग्रेस से परेशान होकर लोगों ने मोदी जी की सरकार बनाई लेकिन इन्होंने कुछ नहीं सुधरा बल्कि और भी ज़्यादा बर्बाद कर दिया: केजरीवाल

कांग्रेस से परेशान होकर लोगों ने मोदी जी की सरकार बनाई लेकिन इन्होंने कुछ नहीं सुधरा बल्कि और भी ज़्यादा बर्बाद कर दिया: केजरीवाल

By शिव मौर्या 
Updated Date

नई दिल्ली। कथित शराब नीति घोटाले से बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी और ​अमित शाह पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने जंतर-मंतर से हमला बोलते हुए कहा कि, देश में इस समय डर का माहौल है और उसके बावजूद जज साहब ने देश के हक़ में धाकड़ फ़ैसला सुनाया, उसके लिए मैं जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं। जज साहब ने मोदी जी और भाजपा के झूठ पर तमाचा मारते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी बेईमान नहीं बल्कि कट्टर ईमानदार हैं। जज साहब का यह फैसला नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बीजेपी के गाल पर जोरदार तमाचा है।

पढ़ें :- ईरान पर शुरू हुए युद्ध पर मोदी सरकार का जवाब भारत के मूल्यों, सिद्धांतों और हितों के साथ धोखा है : कांग्रेस

उन्होंने आगे कहा कि, मैं भारत मां से प्यार करता हूं और मैंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और विकास के लिए समर्पित कर दिया। जब मैं आयकर विभाग में कमिश्नर था तो वहां भी मेरी ईमानदारी के चर्चे होते थे, मेरी ईमानदारी की कसमें खाई जाती थीं। इसके बाद जब मैं दिल्ली का मुख्यमंत्री बना, उस दौरान भी मैंने किसी से भी एक पैसा नहीं लिया और पूरी ईमानदारी से काम किया लेकिन पता नहीं क्यों मोदी जी मुझसे नफ़रत करते हैं।

केजरीवाल ने आगे कहा, देश की जनता कांग्रेस से परेशान हो गई थी और लोगों ने बड़ी उम्मीदों से मोदी जी की सरकार बनाई थी। लेकिन कुछ नहीं सुधरा बल्कि और भी ज़्यादा बर्बाद कर दिया है। मोदी जी बहुत बड़े नौटंकीबाज हैं। पूरे देश में पेपर लीक हो रहे हैं और ये परीक्षा पर चर्चा की नौटंकी कर रहे हैं। मोदी जी, आप भ्रष्टाचार खत्म करना चाहते हो? अगर हां तो मैं बताता हूं…गुजरात में ₹20 हज़ार करोड़ का ड्रग्स पकड़ा गया, ₹30 हज़ार करोड़ की नक़ली शराब बिकती है। अगर आपमें हिम्मत है तो एक्शन लेकर दिखाओ। मोदी जी, आप जिस भी सड़क और पुल का उद्घाटन करके आते हो, वही टूट जाती है। लेकिन आप एक्शन नहीं लोगे, क्योंकि उसमें आप ख़ुद या आपकी पार्टी शामिल होती है। मोदी जी को सोनम वांगचुक, महिलाओं, मेहराज मलिक, अरविंद केजरीवाल से डर लगता है।

उन्होंने आगे कहा, मोदी जी ने मुझे गिरफ्तार करके पूरे देश को संदेश देना चाहा कि अगर ईमानदारी से काम करोगे तो अरविंद केजरीवाल जैसा हाल कर दूंगा। आम आदमी पार्टी ने देश के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को उम्मीद दी और भाजपा को इससे डर लग गया था, इसलिए मुझे जेल में डाला गया। दिल्ली में एक साल पहले भाजपा की सरकार आई थी और उसके भुक्त भोगी यहां मौजूद हैं। इन्होंने रैलियों में बड़े-बड़े जुमले दिए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करी थीं। लेकिन अब इन्होंने हजारों लोगों की नौकरियां छीन ली हैं। अब दिल्ली वाले कह रहे हैं कि AAP की सरकार ही बढ़िया थी।

केजरीवाल ने आगे कहा, नरेंद्र मोदी जी को देश से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें केवल सत्ता की हवस है और सत्ता के लिए तमाम षड्यंत्र रचते हैं। अपनी सत्ता की हवस के लिए यह लोगों के वोट कटवा रहे हैं, फ़र्ज़ी वोट बनवा रहे हैं। साड़ियां, चप्पल और कंबल बांट रहे हैं। मोदी जी, आप सत्ता की हवस को पूरा करने के लिए काम करो और अरविंद केजरीवाल देश के लिए काम करेगा। लेकिन ध्यान रखना, आज से आपकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। गुजरात में भाजपा की 30 साल से सरकार है लेकिन वहां का बहुत बुरा हाल है। पूरी दुनिया चांद पर पहुंच गई है लेकिन इनसे सड़कें नहीं बन पा रही हैं। इनसे देश के शहरों की सफ़ाई नहीं हो पा रही, हवा जहरीली हो चुकी है। मोदी जी, विकसित भारत बाद में बना देना, पहले रहने लायक़ तो बना दीजिए।

पढ़ें :- त्योहारों पर माहौल बिगाड़ने वाले वालों से प्रशासन सख्ती से निपटें, कार्रवाई नजीर बने : सीएम योगी

 

 

Advertisement