Gaziabad: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू अपार्टमेंट में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 10वीं मंजिल के एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि आग 12 मंजिला इमारत के 9वें, 10वें और 11वें तल तक फैल गई। करीब 8 से 10 फ्लैट इस आग की चपेट में आ गए। ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई।
पढ़ें :- UP Board Time Table 2027 : यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का परीक्षा कार्यक्रम घोषित, 5 से 24 फरवरी तक होगी परीक्षा
A massive fire has broken out at Gaur Green Avenue in Abhay Khand, Indirapuram, Ghaziabad #Fire #Uttarpradesh #Ghaziabad pic.twitter.com/IWt4q3vKDW
— Shravan (@Atarangi_Insaan) April 29, 2026
फ्लैटों में रहने वाले लोग जान बचाकर बाहर भागे। कई घरों में धुआं भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ ही देर में पूरी सोसाइटी के लोग बाहर जमा हो गए और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए छह दमकल टीमें लगातार काम कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जरूरत को देखते हुए आसपास के फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त टीमों को बुलाया गया है।
पढ़ें :- राष्ट्रपति ने तमिलनाडु से ओडिशा तक 6 राज्यों में बदले राज्यपाल, जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी?
प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। बताया जा रहा है कि पहले 10वीं मंजिल के एक फ्लैट से आग की लपटें उठीं, जिसके बाद आग तेजी से ऊपर और नीचे के फ्लैटों तक फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई परिवारों का घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। दमकल विभाग का कहना है कि जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।