नई दिल्ली। ग्लोबल पासपोर्ट इंडेक्स 2026 में भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत 125वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले कुछ वर्षों में मामूली सुधार के बावजूद भारत अब भी दुनिया के शीर्ष 100 सबसे मजबूत पासपोर्ट वाले देशों की सूची से बाहर है।
पढ़ें :- Viral Video : जब सपा नेता सीताराम यादव ने अखिलेश यादव के सामने लगाई दंड-बैठक, जानें क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत 2021 से 2023 के बीच 127वें स्थान पर था। इसके बाद 2025 में इसकी रैंकिंग सुधरकर 124वें स्थान पर पहुंची थी, लेकिन 2026 में यह फिर एक पायदान नीचे खिसक गई। वर्तमान में भारतीय पासपोर्ट धारकों को केवल 26 देशों में वीजा-फ्री या वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा मिलती है।
कई देशों से पीछे रहा भारत
पासपोर्ट रैंकिंग में भारत नामीबिया, फिलीपींस, मोरक्को और उज्बेकिस्तान जैसे देशों से पीछे है, जबकि अजरबैजान और किर्गिस्तान से आगे बना हुआ है। भारतीय नागरिक भूटान, नेपाल, जमैका, मकाऊ, फिलिस्तीन, ट्यूनीशिया, अंगोला और बारबाडोस जैसे देशों में बिना वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल सुविधा के साथ यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, चीन और संयुक्त अरब अमीरात समेत करीब 88 देशों की यात्रा के लिए भारतीय नागरिकों को पहले से वीजा लेना पड़ता है।
पड़ोसी देशों में भारत की स्थिति
पढ़ें :- NDA के सहयोगी दल के नेताओं के साथ नितिन नबीन ने की बैठक, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बनी रणनीति
भारत के पड़ोसी देशों की बात करें तो चीन इस सूची में 104वें स्थान पर है, जो भारत से बेहतर स्थिति में है। वहीं, दक्षिण एशिया के कई अन्य देशों की तुलना में भारत की रैंकिंग बेहतर बनी हुई है। बांग्लादेश 166वें, नेपाल 164वें और पाकिस्तान 188वें स्थान पर हैं।
ग्लोबल पासपोर्ट इंडेक्स 2026 के टॉप 10 देश
1. स्वीडन
2. स्विट्जरलैंड
3. फिनलैंड
4. जर्मनी
5. डेनमार्क
6. नीदरलैंड्स
7. आयरलैंड
8. यूनाइटेड किंगडम
9. नॉर्वे
10. सिंगापुर
अमेरिका और फ्रांस भी टॉप 10 से बाहर
ग्लोबल पासपोर्ट इंडेक्स 2026 की शीर्ष 10 सूची में अधिकांश देश यूरोप के हैं, जो वैश्विक यात्रा सुविधा के मामले में इस क्षेत्र की मजबूत स्थिति को दर्शाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि अमेरिका और फ्रांस दोनों 11वें स्थान पर हैं और टॉप 10 में जगह बनाने से चूक गए। वहीं, कनाडा 13वें स्थान पर है। इससे साफ है कि दुनिया के सबसे मजबूत पासपोर्ट की दौड़ में फिलहाल यूरोपीय देशों का दबदबा बना हुआ है।